सीजेपी प्रोटेस्ट: दिपके ने कहा- गिरफ्तारी को तैयार हूं, दिल्ली मोदी-अमित शाह की नहीं, कल प्रदर्शन होगा

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान दोहराया है। संगठन के कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने शुक्रवार को कहा कि प्रदर्शन हर हाल में होगा, चाहे पुलिस अनुमति दे या नहीं। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता गिरफ्तारी और हिरासत में लिए जाने के लिए भी तैयार हैं। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर बुलाया गया है।
अभिजीत दिपके ने प्रदर्शन से पहले दिल्ली में रेल और मेट्रो सेवाओं पर पाबंदियां लगाने तथा सड़कों को बंद किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के नाम पर आम लोगों को होने वाली परेशानी का हवाला देने वाली सरकार और पुलिस खुद सार्वजनिक परिवहन तथा सड़कों पर प्रतिबंध लगाकर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। दिपके ने सवाल किया, “यह डर किस बात का है? आप इतने डरे हुए क्यों हैं? आप देश के युवाओं से डर रहे हैं। आपने ट्रेनें बंद कर दीं, मेट्रो बंद कर दी, अब लोगों को क्या करना चाहिए?”
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या दिल्ली नरेंद्र मोदी या अमित शाह की निजी संपत्ति है। दिपके ने कहा, “क्या दिल्ली नरेंद्र मोदी या अमित शाह की संपत्ति है? क्या यह उनकी पुश्तैनी संपत्ति है? एक तरफ आप कहते हैं कि प्रदर्शन की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है और दूसरी तरफ आप पूरी मेट्रो, रेलवे बंद कर देते हैं और सभी सड़कें रोक देते हैं। क्या इससे लोगों को परेशानी नहीं होगी?”
गिरफ्तारी की चुनौती, बोले- मुझे गिरफ्तार कर लीजिए
अभिजीत दिपके ने कहा कि सीजेपी के कार्यकर्ता पुलिस की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि अगर प्रशासन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना चाहता है, तो वह उन्हें गिरफ्तार कर सकता है। दिपके ने कहा, “कितने लोगों को हिरासत में लेंगे? मुझे गिरफ्तार कर लीजिए, हिरासत में ले लीजिए! सौरव तैयार हैं, आशुतोष तैयार हैं। मुझे गिरफ्तार कर लीजिए, हिरासत में ले लीजिए!” उनका कहना था कि संगठन के कार्यकर्ता प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
अनुच्छेद 19 का हवाला देकर पुलिस की अनुमति पर सवाल
दिपके ने प्रदर्शन के लिए पुलिस की अनुमति की आवश्यकता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 19 का हवाला देते हुए कहा कि जंतर-मंतर प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल है और नागरिकों को विरोध करने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, “क्या ज्ञानेश कुमार ने अनुमति ली थी? 13 करोड़ वोट हटाने से पहले क्या उन्होंने अनुमति ली थी? फॉर्म 6 में बदलाव को सुप्रीम कोर्ट ने भी मंजूरी नहीं दी थी। जब ज्ञानेश कुमार बिना किसी को बताए और बिना किसी से पूछे 13 करोड़ वोट हटा देते हैं, तो उनके खिलाफ विरोध करने के लिए हमें अनुच्छेद 19 के तहत मिले संवैधानिक अधिकार के लिए अनुमति की क्या जरूरत है?”
मोदी और शाह अपना बीपी चेक करते रहें
उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए कम से कम 10 दिन पहले आवेदन देने की दिल्ली पुलिस की शर्त पर भी सवाल उठाए। दिपके ने आरोप लगाया कि सरकार प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर जरूरत से ज्यादा चिंतित है। उन्होंने कहा, “सरकार बहुत गंभीर है। मुझे लगता है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह को अपना ब्लड प्रेशर चेक करते रहना चाहिए। सरकार जिस तरह का डर दिखा रही है, वह अपने आप में सवाल खड़े करता है।”