बृजेश चतुर्वेदी
लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। अगले साल फरवरी में यूपी चुनाव हो सकते हैं। यूपी चुनाव 2027 का शेड्यूल 2022 की तरह रहेगा। चुनाव आयोग नवंबर में इसकी तैयारियों की समीक्षा शुरू करेगा।
डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर मनीष गर्ग चुनाव आयोग के अधिकारियों के साथ अगले महीने उत्तर प्रदेश का दौरा कर सकते हैं। तैयारियों की समीक्षा के बाद दिसंबर में चुनाव आयोग की पूरी टीम यूपी का दौरा कर सकती है। इससे साफ हो रहा है कि 2022 की तरह ही 2027 का चुनावी शेड्यूल रहने वाला है। यूपी चुनाव 2022 में 10 फरवरी से 7 मार्च के बीच सात चरणों में वोटिंग हुई थी। वोटों की गिनती 10 मार्च को हुई थी। 2022 में चुनाव का शेड्यूल 3 जनवरी को घोषित हुआ था।
2022 की तरह हो सकते हैं 2027 के चुनाव
सूत्रों से मिले संकेतों के अनुसार, आने वाले चुनावों में 2022 की तरह की समय सीमा का पालन किया जा सकता है हालांकि, अंतिम तारीखों और वोटिंग के चरणों की संख्या का फैसला और घोषणा चुनाव आयोग करेगा।
वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने पर जोर
अधिकारियों ने कहा कि तैयारियां चल रही हैं। वोटर लिस्ट के अपडेट करने पर खास जोर है। जिनके नाम एसआईआर के बाद छूट गए थे। चुनाव आयोग ने अभियान शुरू किया है, जिसमें घर-घर जाकर वेरिफिकेशन जरिए छूटे हुए वोटरों की पहचान कर उनको वोटर लिस्ट में जोड़ा जा रहा है। चुनाव की तारीखों का ऐलान करते समय राज्य बोर्ड की परीक्षाओं का भी ध्यान रखा जाएगा।
बोर्ड परीक्षाओं का शेड्यूल बदल सकता है
अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि टकराव की स्थिति में बोर्ड परीक्षाओं के शेड्यूल में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल फरवरी के बाद ही चुनाव कराने की गुंजाइश देता है। अप्रैल और मई में गर्मी ज्यादा पड़ती है। ऐसे में चुनाव आयोग पहले भी चुनाव करा सकता है। हालांकि, अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि चुनाव आयोग ने कोई तारीख तय नहीं की है। फरवरी की समय सीमा पिछले चुनाव चक्र और चुनाव आयोग की समीक्षाओं के अनुमानित क्रम पर आधारित एक आकलन मात्र है।
