बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । डिजिटल लेनदेन में एमडीआर लागू किए जाने के खिलाफ शनिवार दोपहर करीब 1 बजे कलक्ट्रेट परिसर में व्यापार मंडल ने प्रदर्शन किया। व्यापारी नेताओं ने नारेबाजी की और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। व्यापारी नेताओं ने एमडीआर प्रक्रिया निरस्त करने की मांग की।
उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रामजी अग्रवाल के नेतृत्व में शनिवार दोपहर व्यापारियों का हुजूम कलक्ट्रेट पहुंचा।
यहां डीएम कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए व्यापारी नेता धरने पर बैठ गए। व्यापारी नेताओं को धरने पर बैठा देखकर अतिरिक्त एसडीएम केसरीनंदन त्रिपाठी उनके पास पहुंच गए और समस्या को लेकर बात की।
यहां व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्बोधित ज्ञापन उन्हें सौपा और डिजिटल लेनदेन में एमडीआर लागू न करने की मांग रखी। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष रामजी अग्रवाल ने बताया कि सरकार ने पहले यूपीआई से लेनदेन को बढ़ावा दिया।
अब जब लोग फुटकर पैसों की बजाय यूपीआई से पेमेंट करने लगे और ये डिजिटल लेनदेन जब ग्राहकों की आदत में आ गया तब सरकार ने एमडीआर लागू कर दिया। जिसमें लेनदेन के दौरान शुल्क कटौती होने लगी।
व्यापारी नेता राजीव द्विवेदी ने बताया कि भले ही एमडीआर के जरिए डिजिटल लेनदेन में
छोटा-छोटा शुल्क वसूला जा रहा हो, लेकिन बाद में ये एक बड़ी रकम हो जाती है, जिसका भार व्यापारियों को झेलना पड़ेगा। अगर सरकार ने इस पर ध्यान न दिया तो व्यापारी वर्ग विशाल आंदोलन करने और विवश होगा।
