पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । मोहम्मदबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बनपोई में 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह उसका शव गांव से करीब 300 मीटर दूर एक खेत में जामुन के पेड़ पर अगौछे के फंदे से लटका मिला। बेटे का शव देखते ही मां की चीख निकल गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। गांव बनपोई निवासी संतराम का 22 वर्षीय पुत्र दुर्वेंद्र सिंह मंगलवार, 13 अक्टूबर की शाम बिना बताए घर से चला गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह करीब 11 बजे उसकी मां कुसमा देवी गांव के पास घास लेने गई थीं। इसी दौरान घनश्याम चौहान के खेत में जामुन के पेड़ पर बेटे का शव लटका देखकर वह चीख पड़ीं। उन्होंने तत्काल पति संतराम को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद कोतवाली प्रभारी बलराम मिश्रा को घटना की जानकारी दी गई। उपनिरीक्षक अशोक तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। उपनिरीक्षक ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों के मुताबिक, दुर्वेंद्र शराब पीने का आदी था। वह शराब के लिए मेहनत-मजदूरी करता था। वह छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था। घटना के बाद मां कुसमा देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की मौत से गांव में शोक का माहौल है।