कन्नौज: डीएम एसपी  ने पीईटी -2026 परीक्षा केंद्रों का किया संयुक्त निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सकुशल ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा प्रबंधों तथा कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों में स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनपदों से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, बैग एवं अन्य प्रतिबंधित सामान सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित स्थानों पर समुचित व्यवस्था की जाए। सामान को क्रमवार एवं टोकन नंबर के आधार पर सुरक्षित रखा जाए, जिससे परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को अपना सामान प्राप्त करने में अनावश्यक विलंब अथवा परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही, अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार क्रमवार प्रवेश दिलाया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि तीन दिवसीय परीक्षा के अंतर्गत आज प्रथम दिवस परीक्षा के लिए कुल 24 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां दोनों पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। इन्हीं परीक्षा केंद्रों में 30 अक्टूबर 2026 एवं 1 नवम्बर 2026 को भी परीक्षा संपन्न होगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाओं में लापरवाही न बरती जाए तथा सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तत्परता से निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर चुके अभ्यर्थियों से बातचीत कर प्रवेश व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या नहीं आ रही है तथा ड्यूटी पर तैनात कार्मिक प्रवेश पत्र एवं अन्य पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच के बाद समय से प्रवेश सुनिश्चित करा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों एवं उनके साथ आए परिजनों को निर्धारित स्थानों पर ही ठहरने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि मुख्य मार्गों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो और यातायात सुचारु बना रहे। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की सतर्क तैनाती सुनिश्चित करने, वाहनों की गति नियंत्रित रखने तथा परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर तैनात कार्मिकों के साथ समन्वय स्थापित कर अभ्यर्थियों के प्रवेश में सहयोग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने एवं परीक्षा समाप्ति के बाद वापस जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।