नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन की महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जु खड़गे, राहुल, ममता, अखिलेश, तेजस्वी जैसे विपक्षी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने तक लड़ाई जारी रखने की बात कही। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर में गड़बड़ियां हुई हैं और इसके जरिए मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। नेताओं ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार पद पर बने रहेंगे, उनका विरोध जारी रहेगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए मोदी को हटाना होगा। उन्होंने मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ का नारा दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित विपक्ष के कई प्रमुख नेता इस रैली में शामिल हुए।
मिंटो रोड-कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक मार्च निकालने के बाद आयोजित सभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, महबूबा मुफ्ती, फारूक अब्दुल्ला और तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित इस रैली का मुख्य मुद्दा कथित वोट चोरी और एसआईआर की प्रक्रिया में गड़बड़ियाँ हैं। विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। रैली में इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं, समर्थकों, युवा संगठनों और छात्र संगठनों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में पोस्टर और तख्तियां थीं। वे एसआईआर के खिलाफ नारे लगा रहे थे और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। विपक्षी दलों ने इस आयोजन को लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की लड़ाई बताया है। उनका आरोप है कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों से गरीबों, महिलाओं, युवाओं और वंचित समुदायों के मतदान के अधिकार पर असर पड़ सकता है।
मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए मोदी को हटाना होगा। उन्होंने मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ का नारा दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर महिलाओं, युवाओं और दलितों के वोट कथित तौर पर चोरी करने की कोशिश का आरोप लगाया। खड़गे ने कहा, यहां आज ऐतिहासिक सभा हो रही है। शाह और मोदी महिलाओं, युवाओं और दलितों के वोट चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं। हम इसी के खिलाफ यहां जुटे हैं। जब तक ज्ञानेश कुमार नहीं जाते, हम लड़ते रहेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी लोगों को बांटने और मतदाताओं के वोट पर नियंत्रण करने की कोशिश कर रहे हैं। खड़गे ने कहा कि लोकतंत्र में जनता अपने प्रतिनिधि चुनती है, लेकिन उनके मुताबिक मौजूदा व्यवस्था में ऐसा लग रहा है कि प्रधानमंत्री खुद तय करना चाहते हैं कि कौन मतदाता होगा।
राहुल गांधी ने कहा, यह कोई आम चोरी नहीं है। आम चोरी तो वह होती है जब कोई किसी दुकान से कुछ चुरा ले। यह तो हर इंसान की आवाज़ की चोरी है। कानूनी भाषा में इसे सबसे दुर्लभ मामलों में से एक कहा जाता है। इसे देशद्रोह कहा जाता है। ज्ञानेश कुमार के बिना नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बन पाते और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बन पाते। राहुल गांधी ने मोदी और अमित शाह को चेतावनी दी। उन्होंने अमित शाह के उस बयान पर तंज कसा जिसमें शाह ने कहा था कि पीएम मोदी कहीं नहीं जाएँगे। राहुल ने कहा कि शाह ने सही कहा- मोदी कहीं नहीं जा सकते। अगर जाना भी चाहेंगे तो हम उन्हें कहीं जाने नहीं देंगे, क्योंकि नरेंद्र मोदी ने वोट चोरी की है, इसलिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और देश को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष दोनों नेताओं को नहीं बख्शेगा।
तेजस्वी ने महाभारत का जिक्र किया
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने महाभारत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने वोट चुराने वालों के खिलाफ एक महाभारत छेड़ा है, जिसकी तुलना उन्होंने शकुनि के पासे के खेल से की। यादव ने कहा कि महाभारत की शुरुआत युद्ध के मैदान से नहीं, बल्कि पासे के खेल से हुई थी। उन्होंने आगे कहा कि अब विपक्ष को भी ऐसे ही खेल खेलने वालों के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
मुसलमानों ने देश के लिए खून दिया है: फारूक अब्दुल्ला
जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने अपने संबोधन में मुसलमानों के खिलाफ की जाने वाली टिप्पणियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मुसलमानों को पाकिस्तानी बताकर उनकी देशभक्ति पर सवाल उठाते हैं। फारूक अब्दुल्ला ने कहा, ये लोग मुसलमानों पर उंगली उठाते हैं और कहते हैं कि वे पाकिस्तानी हैं। मैं बीजेपी और आरएसएस से कहना चाहता हूं कि हमने इस देश को अपना खून दिया है और आगे भी देते रहेंगे।
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने रैली में मौजूद लोगों से मौजूदा हालात के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर लोग अभी देश की समस्याओं को बदलने के लिए आगे नहीं आए तो बहुत देर हो जाएगी। महबूबा ने केंद्र सरकार पर देश की संपत्तियां एक कारोबारी को सौंपने का आरोप लगाया। उन्होंने राम मंदिर से जुड़े चंदे का जिक्र करते हुए भी बीजेपी पर निशाना साधा और सवाल किया कि जब चंदे को लेकर आरोप लग रहे हैं तो पार्टी हिंदुत्व की बात कैसे कर सकती है।
एक सोच, एक संकल्प के साथ विपक्ष की एकता मजबूत: टीएमसी
ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने एक्स पर एक सोच, एक संकल्प, एक एकजुट भारत का संदेश पोस्ट किया। इसके जरिए पार्टी ने रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन की मेगा रैली में अपनी सक्रिय भागीदारी और एकजुटता को फिर से दोहराया। राहुल गांधी ने मार्च के दौरान कहा, हमने रैली में आने वालों से यहां शॉपिंग करने की अपील की थी, जिससे दुकानदारों का फायदा हो सके। लेकिन कनॉट प्लेस आते समय पता चला है कि भाजपा ने जबरदस्ती सारी दुकानें बंद करवा दी हैं। देश देख रहा है कि भाजपा दुकानदारों का नुकसान कर रही है।
रामलीला मैदान में उमडा जनसैलाव
दिल्ली के रामलीला मैदान में जनसैलाव उमड पडा हैं। वे तिरंगा लहरा रहे हैं और नारे लगा रहे हैं, और इंडिया गठबंधन के नेताओं के यहाँ पहुँचने का इंतज़ार कर रहे हैं, जो एक बड़ी रैली के लिए आ रहे हैं। यहाँ भारी भीड़ उमड़ी है और विपक्ष की यह रैली जल्द ही शुरू होने वाली है। रामलीला मैदान में रैली के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। इंडिया गठबंधन ने इस आयोजन के जरिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर राजनीतिक दबाव बनाने की तैयारी की है। विपक्ष का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद छोड़ना चाहिए।
दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली में उमडा जनसैलाव: ज्ञानेश कुमार के जाने तक लड़ाई जारी रहेगी
