इंडिया गठबंधन की महारैली में गरजीं ममता: बंगाल एसआईआर का शिकार

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। ममता ने कहा कि बंगाल एसआईआर का शिकार है और उनकी पार्टी इस प्रक्रिया का विरोध करेगी। उन्होंने कहा, बंगाल एसआईआर का शिकार है। हम ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने बंगाल को लूटा है। हम दिल्ली से लोकतंत्र वापस लाएंगे। ममता ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची में गड़बड़ी के अलावा मतगणना की प्रक्रिया को भी प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने केवल वोट नहीं गायब किए, बल्कि मतगणना को भी अपने नियंत्रण में ले लिया। उन्होंने कहा, हम हारे नहीं थे, हमें हराया गया। ममता ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी राजनीतिक तरीके से इसका जवाब देगी। ममता बनर्जी ने कहा, ज्ञानेश कुमार ने एसआईआर का मतलब बीजेपी के लिए स्पेशल इंटेशिव रिलीफ बना दिया है। इन लोगों ने वोट चोरी के जरिए देश के लोकतंत्र और संविधान को लूटा है, उसके ऊपर हमला किया है। बीजेपी ने युवाओं की नौकरी चोरी की, महिलाओं का सम्मान चोरी किया, चंदा चोरी किया- हमें इन्हें सत्ता से हटाना होगा।