कन्नौज: एफएसडीए टीम ने नष्ट कराई 92 हज़ार की ख़राब मैदा, भरे मिष्ठान्न के 6 नमूने 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज:(आवाज न्यूज ब्यूरो) ।  आगामी दीपावली पर्व पर जनपद में आमजन को शुद्ध,ताजे तथा गुणवत्तापरक मिठाईयों सहित खाद्य तथा पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने एवं मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों के निर्माण, वितरण व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु आज  सहायक आयुक्त (खाद्य)-२/मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व एवं दिशा निर्देशन में, प्रवर्तन दल द्वारा जनपद के तिर्वा तहसील व छिबरामऊ तहसील में स्थित बाजारों के निरीक्षण के उपरान्त महाकाल टेंडर्स, खड्नी  व चौबे मिष्ठान भंडार, सौरिख, दोनों प्रतिष्ठानों से सरसों के खुले खाद्य तेल, रबडी के दो, खोया, रंगीन बर्फी, चमचम के नमूने नियमानुसार निरीक्षण उपरांत संदेह के आधार पर जांच हेतु संग्रहित किये गये। लगभग 95 किग्रा सरसों का खाद्य तेल, जिसकी अनुमानित बाजारी मूल्य रू० 20900/- है तथा खाद्य कारोबार परिसर में रखे कालातीत (दिनांक-08/05/2025) 35 बोरी,17.5 कुन्तल फार्चुन सुपर ब्राण्ड मैदा, जिसका अनुमानित बाजारी मूल्य लगभग रू० 92750/- है, खाद्य कारोबार कर्ता की सहमति से विनिष्ट करायें गये।

इसके साथ ही स्थानीय मंडियों में मिलावटी मिठाईयों के विक्रय रोकथाम हेतु चेकिंग अभियान चलाया गया। बिक्री हेतु प्रदर्शित मिठाईयां पर विनिर्माण तिथि व उपभोग तिथि अंकित किए जाने के संबंध में तिर्वा तहसील क्षेत्र में 10 मिठाई विक्रेताओं सहित लगभग 18 खाद्य कारोबारकर्ताओं एवं छिबरामऊ तहसील क्षेत्र में 14 मिठाई विक्रेताओं सहित लगभग 24 खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा की विधिवत जानकारी प्रदान करते हुऐ मिलावटी खाद्य पदार्थ न विक्रय करने हेतु सचेत करते हुए जागरूक किया गया साथ ही मिठाई विक्रेताओं को मिठाइयों पर विनिर्माण तिथि वह उपभोग की तिथि अंकित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए

आज संग्रहित उपरोक्त सभी 06 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत तद्नुसार अग्रिम कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-२/मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा इस अभियान के दौरान सौरिख में लगभग 50 खाद्य कारोबार कर्ताओं सहित आम जन को दीपावली पर्व पर रंगीन, मिलावटी तथा दूषित खाद्य पदार्थ  एवं मिलावट के हानिकारक प्रभाव तथा उनके स्थानीय परीक्षण की विधियों की जानकारी देते हुए खाद्य पदार्थों के उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। 

जनपद में आमजन को गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से मुख्यालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के अनुसार अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।