फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। थाना कादरीगेट क्षेत्र के देवरामपुर क्रासिंग के पास एक गिट्टी मौरंग व्यापारी पर बंदर ने हमला कर दिया। व्यापारी पानी की टंकी की लीकेज देखते समय तीन मंजिल से नीचे खाली प्लॉट में जा गिरे। घटना के बाद उनके पुत्र और परिजनों ने उन्हें मृत पाया। देर शाम परिजनों ने थाना पुलिस को सूचना दी।
ठंडी सड़क आईटीआई चौराहा निवासी जगदीश चंद्र यादव (53) गिट्टी मौरंग का कारोबार करते थे। उनका फैशन वर्ल्ड नाम से एक शोरूम भी है। दोपहर करीब तीन बजे उनके पुत्र ने छत पर टंकी से पानी लीक होने की जानकारी दी। जगदीश चंद्र तीसरी मंजिल पर टंकी देखने गए, तभी एक बड़े बंदर ने उन पर हमला कर दिया। बचाव के प्रयास में वह खाली प्लॉट में गिर गए। पुत्र प्रदुम्न और शोरूम के कर्मचारी उन्हें घर ले गए, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। जगदीश चंद्र के परिवार में पत्नी सर्वेश कुमारी, दो पुत्र प्रद्युम्न, हिम्मत सिंह और दो पुत्रियां प्रियंका व संध्या हैं। पूर्व सभासद श्यामसुंदर वर्मा ने परिजनों के साथ थाने में शव के पोस्टमार्टम की सूचना दी है।
बंदर के हमले से छत से गिरे मौरंग व्यापारी जगदीश चंद्र यादव: मौत

