बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । संयुक्त जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में मंगलवार को पॉइजनिंग के मरीज के इलाज के दौरान डाक्टरों और मरीज के साथ आए तीमारदारों के मध्य जमकर हंगामा हुआ।
मामले में अस्पताल प्रशासन का आरोप है, कि मरीज के साथ पहुंचे एक अधिवक्ता ने पांच-छह साथियों के साथ मिलकर चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्रता व गाली-गलौज की। विरोध करने पर ट्रामा सेंटर प्रभारी को जूतों से मारने की धमकी दी और उनका मोबाइल छीनकर फेंक दिया। घटना के बाद अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई। घटनाक्रम के दौरान चिकित्सकों और अन्य संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों ने काम काज ठप कर दिया।
अस्पताल प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 12:55 बजे 25 वर्षीय संदीप को जहरीला पदार्थ खाने के बाद उपचार के लिए संयुक्त जिला अस्पताल लाया गया था।
इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. शावेद खान और फार्मासिस्ट सुरेश कुमार, स्टाफ नर्स मंजू देवी व श्याम सिंह तथा वार्ड ब्वाय देवेश कुमार और प्रमोद कुमार ने मरीज का उपचार शुरू कर दिया। कुछ देर बाद मरीज के तीमारदारों में एक अधिवक्ता पांच-छह वकीलों और अन्य साथियों के साथ ट्रामा सेंटर पहुंचे। इन लोगों ने इलाज में व्यवधान डालते हुए स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्रता की शुरूआत कर दी।
जिसके बाद चिकित्सकों द्वारा मामले की सूचना मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दी गई।
मामले में जिला अस्पताल के सीएमएस ने ट्रामा सेंटर प्रभारी डॉ. हरि माधव शरण को मौके पर भेजा।
आरोप है कि मरीज को देखने पहुंचे डॉ. हरि माधव शरण के साथ भी अधिवक्ता ने अभद्रता की, और उनका मोबाइल छीनकर फेंक दिया। इतना ही नहीं उन्हें जूतों से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना को लेकर ट्रामा सेंटर में तैनात चिकित्सकों और कर्मचारियों ने कामकाज ठप करते हुए सीएमएस को शिकायती पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया है। इस दौरान जिला अस्पताल में मरीजों के परिजनों और तीमारदारों का हंगामा घंटों तक जारी रहा। मामले को लेकर सीएमएस ने बताया कि, मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।

