कन्नौज: लंबित वादों में प्रभावी पैरवी कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराएं: एडीएम  

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व  रतन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में अभियोजन एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों, विभिन्न अधिनियमों के अंतर्गत दर्ज मुकदमों, अभियोजन की प्रगति, अपीलों के निस्तारण तथा दोषसिद्धि एवं दोषमुक्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रभावी अभियोजन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ न्यायालयों में विचाराधीन मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि लंबित वादों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न होने पाए तथा प्रत्येक मामले में निर्धारित समयसीमा के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही की जाए।

बैठक में प्रस्तुत अक्टूबर 2026 तक की अभियोजन आख्या के अनुसार सत्र न्यायालय में विचाराधीन अपीलों की कुल संख्या 111 तथा माननीय उच्च न्यायालय में विचाराधीन अपीलों की संख्या 27 रही। वहीं, सत्र न्यायालय में विभिन्न वर्षों के दौरान कुल 49 वादों का निस्तारण किया गया। बैठक में दोषमुक्त हुए वादों की भी समीक्षा करते हुए उनके कारणों का परीक्षण करने तथा कमियों से सीख लेकर भविष्य में अभियोजन की गुणवत्ता बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि गंभीर एवं महिला संबंधी अपराधों में विशेष संवेदनशीलता के साथ पैरवी की जाए। गवाहों की समय से उपस्थिति, साक्ष्यों का समुचित संकलन, विवेचना की गुणवत्ता तथा अभियोजन अधिकारियों और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि अपराधियों को कानून के अनुसार दंडित कराया जा सके और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिल सके।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियोजन से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए कमजोर पैरवी अथवा तकनीकी कमियों के कारण किसी भी अपराधी को अनुचित लाभ न मिलने पाए।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अभियोजन एवं शासकीय अधिवक्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।