फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। आज जनपद फर्रुखाबाद के ढाई घाट पर गंगाजी के दोनों तरफ तटबंध बनाने के लिए चल रहे आंदोलन के पांचवें दिन फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने दलबल के साथ पहुंचकर आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दिया और कहा कि फर्रुखाबाद विकास मंच हर कदम पर आप लोगों के साथ है। जनहित के इस आंदोलन को शीघ्र जनजन का आंदोलन बना दिया जाएगा। उन्होंने हजारों की संख्या में धरने पर बैठे आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि गंगाजी के दोनों तरफ तटबंध बनना बहुत आवश्यक है क्योंकि प्रतिवर्ष आने वाली भीषण बाढ़ से बचाव का एकमात्र यही रास्ता है। बाढ़ की वजह से लाखों की संख्या में जनता प्रभावित होती है इसलिए तदबंध बनाया जाना बहुत जरूरी है। हमारे यहां के जनप्रतिनिधि तटबंध ना बनवाकर एयरपोर्ट बनवाए जाने की मांग कर रहे हैं। यह पूरी तरह हास्यास्पद है। पूरा जनपद बाढ़ से त्राहि त्राहि कर रहा है। इन लोगों को लोगों का दर्द नहीं दिखाई पड़ रहा है। यदि बांध का निर्माण शीघ्र ना हुआ तो पूरे जनपद में आंदोलन किया जाएगा। तटबंध हर हालत में बनवा कर रहेंगे।
तटबंध बनाओ संघर्ष मोर्चा के संयोजक जिला पंचायत सदस्य रामकुमार राठौर ने कहा कि चाहे कुछ भी हो जाए जब तक तटबंध नहीं बनेगा, तब तक हम लोग यहां से हटने वाले नहीं हैं। आज से हमारा आंदोलन बदल गया है और यह तीन दिनों में हमारी मांग पूरी नहीं की गई तो हम लोग जल समाधि ले लेंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की होगी। संघर्ष मोर्चा के सदस्य राजपाल यादव ने कहा कि पिछले 5 दिनों से लोग आंदोलन कर रहे हैं पर अधिकारी तटबंध बनाने की घोषणा न करके इस आंदोलन में साथ देने वालों के घरों पर जाकर डरा धमका रहे हैं और प्रताड़ित किया जा रहा है जिससे किसी भी प्रकार से लोग अपना आंदोलन समाप्त करें, पर हम लोग ना तो हटने वाले हैं ना डरने वाले हैं। यह आंदोलन तब तक खत्म होने वाला नहीं है जब तक तटबंध बन नहीं जाएगा। राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग संयोजक कोमल पांडे ने कहा इस जनहित के मुद्दे पर भी जनप्रतिनिधियों का नकारात्मक रवैया बहुत शर्मनाक है। आज जनता तटबंध बनाने के लिए इस बरसात में खुले में बैठकर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर है और जनप्रतिनिधि एसी में बैठकर मस्ती ले रहे हैं। यह मत भूलें कि जो जनता आपको सिंहासन पर बैठा दे सकती है वही जनता आपको सिंहासन से उतार कर फेंक भी सकती है। इसलिए सरकार और सभी जनप्रतिनिधियों को चाहिए कि तटबंध बनवाने की घोषणा जल्द करें और उस पर कार्य चालू हो।
धरनास्थल पर जाने वालों में प्रमुख रूप से क्रांति पाठक जिला अध्यक्ष किसान यूनियन, अनूप प्रधान बदनपुर, मिथुन राठौर, मोहित खन्ना, आलोक मिश्रा, राजा मिश्रा, सुरजीत सिंह, आयुष यादव, राजीव वर्मा, मनोज बाथम, किरणपाल सिंह, बबलू ठाकुर प्रधान गाँधी, मोहित पाल, राजीव प्रताप सिंह उर्फ टिल्लू, सौरभ पांडे,, रामवीर सिंह, रवि मिश्रा, अनुज यादव सहित बहुत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
तटबंध बनाने के लिए चल रहे आंदोलन को फर्रुखाबाद विकास मंच का समर्थन

