न्यायालय परिसर से लेकर हर स्कूल तक छात्र लेंगे संवैधानिक मूल्यों की शपथ
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आगामी संविधान दिवस (26 नवंबर 2026) के पावन अवसर पर जिले में एक ऐतिहासिक पहल होने जा रही है। “संविधान संवाद” अभियान के अंतर्गत “एक स्वर, एक संविधान” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस महाअभियान का मुख्य उद्देश्य सर्वाधिक छात्र-छात्राओं द्वारा एक ही समय पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करना तथा भावी पीढ़ी में राष्ट्र और संविधान के प्रति कर्तव्यबोध जगाना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग के समन्वय से 20 से 25 नवंबर तक सभी विद्यालयों की प्रातःकालीन सभाओं में विशेष पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) भी कराया जा रहा है।

