बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जनगणना–2027 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में संचालित स्व-गणना जागरूकता अभियान के पाँचवें दिन, 20 नवंबर को ‘न्यायिक जागरूकता दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों द्वारा स्व-गणना पूर्ण कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी सहभागिता दर्ज कराई गई।
इसी क्रम में जिला न्यायाधीश नरेंद्र कुमार झा*, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट स्नेहा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पौमेला श्रीवास्तव द्वारा अपनी स्व-गणना पूर्ण की गई।
इस अवसर पर जिला प्रभारी जनगणना सुश्री अंशु साहू एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स सस्मित द्विवेदी तथा मृदुल मिश्रा द्वारा न्यायिक अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए स्व-गणना प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया तथा स्व-गणना के महत्व एवं प्रक्रिया से संबंधित जानकारी साझा की गई।
न्यायिक जागरूकता दिवस के अंतर्गत न्यायालयों, न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ता संघों एवं न्यायिक संस्थानों के माध्यम से स्व-गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया है। न्यायिक अधिकारियों की इस सहभागिता से आमजन को स्व-गणना के महत्व का सकारात्मक संदेश प्राप्त हो रहा है।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशन में जिले में स्व-गणना अभियान के प्रति व्यापक जनजागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के समन्वय से अधिक से अधिक परिवारों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। इस अवधि में आमजन पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना पूर्ण होने पर प्राप्त एसई आईडी को सुरक्षित रखना तथा जनसंख्या गणना के दौरान संबंधित प्रगणक को उपलब्ध कराना आवश्यक है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी आमजन से अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि में अपनी स्व-गणना पूर्ण करें तथा अन्य परिवारों को भी इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित करें।

