बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज:(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक करते हुए अधिकारियों को यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई करें, जिससे ओवर स्पीडिंग पर अंकुश लगता हुआ स्पष्ट रूप से दिखाई दे। उन्होंने कहा कि जिस सक्रियता के साथ पुलिस विभाग ने यातायात माह में अभियान चलाकर कार्यवाही की है, उसी तत्परता के साथ परिवहन विभाग भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चलाकर बिना फिटनेस संचालित हो रहे वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें तथा ऐसे वाहनों को सीज कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में विगत एक वर्ष में कुल 20,477 वाहनों का पंजीकरण किया गया है तथा 26,067 ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त जनपद में दो चालक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के संचालित होने के उपरांत चालकों को प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ही स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि निजी एवं व्यावसायिक इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीयन शुल्क एवं पंजीयन कर में शत-प्रतिशत छूट प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों पर 5,000 रुपये तथा चार पहिया वाहनों पर एक लाख रुपये तक का अनुदान भी दिया जा रहा है। उन्होंने आमजन से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वातावरण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करने की अपील की।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी इज्या तिवारी सहित परिवहन विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

