मेहंदीघाट, जलेसर एवं चियासर घाटों पर होगा मेले का आयोजन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जनपद में आयोजित होने वाले मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा की। बैठक में मेले की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जनपद में मेहंदीघाट, जलेसर एवं चियासर सहित तीन घाटों पर मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर लें, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मेहंदीघाट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत 12 मोटर बोट, 20 गोताखोर एवं एक प्लाटून फ्लड पीएसी की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर वॉच टावर, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम, साफ-सफाई एवं पर्याप्त सुरक्षा जाल की व्यवस्था की जाए। जाल इस प्रकार लगवाए जाएं कि वे श्रद्धालुओं को स्पष्ट रूप से दिखाई दें और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके। नावों एवं गोताखोरों को पहले से चिन्हित कर उनकी तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गोताखोरों एवं नाविकों को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने हरदोई तिराहे से मेहंदीघाट तक मार्ग पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में उत्सव जैसा माहौल दिखाई देना चाहिए तथा श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाओं के साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने चिकित्सा विभाग को निर्देशित किया कि मेले में अच्छी स्थिति की एम्बुलेंस एवं पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहें। सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सफाई कर्मियों की 8-8 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाए। इसके अतिरिक्त आपदा मित्रों एवं सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की भी आवश्यकतानुसार तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले से संबंधित सभी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कर लें, ताकि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रतन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चन्द्रा, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

