28-29 नवंबर को लगेगा विशेष कैंप
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । आगामी चुनावों को लेकर मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण -2027 के तहत आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता सूची में दर्ज गलतियों को सुधारने और मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए दावे और आपत्तियां लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक नागरिक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद 28 दिसंबर तक इनका निस्तारण किया जाएगा। वहीं, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। खास बात यह है कि 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों 196 छिबरामऊ, 197 तिर्वा और 198 कन्नौज में कुल 1,545 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। वर्तमान में जिले में कुल 10 लाख 78 हजार 718 पंजीकृत मतदाता हैं। निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक 17 से 22 नवंबर के बीच कुल 12,951 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 2,728 युवा शामिल हैं। इसके अलावा नाम हटाने के लिए 20 फॉर्म-7 और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए 22 फॉर्म-8 प्राप्त हुए हैं। युवा और महिला मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। मतदाता अपना नाम बीएलओ के माध्यम से अथवा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर जांच सकते हैं और आवेदन भी कर सकते हैं।
इसके अलावा जनपद में मतदाताओं की सुविधा के लिए 32 हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। वहीं, 23 नवंबर तक जिले के ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों पर 456 लोगों ने पहुंचकर कुल 503 मत डाले। निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें और किसी भी त्रुटि को निर्धारित समय सीमा के भीतर ठीक करा लें।

