बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । कानपुर जोन के डीआईजी यमुना प्रसाद मंगलवार को कन्नौज पहुंचे। यहां उन्होंने सदर कोतवाली का निरीक्षण कर नवनिर्मित ई-मालखाने और डाक कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने ई-मालखाने की व्यवस्थाओं और निर्माण कार्य को बारीकी से देखा और इसकी प्रशंसा की। डीआईजी यमुना प्रसाद ने कहा कि ई-मालखाने की यह व्यवस्था पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
कन्नौज में शुरू की गई इस पहल को कानपुर मंडल के सभी थानों में लागू कराया जाएगा, जिससे मालखाने से संबंधित कार्यों में पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित हो सकेगा। इस दौरान डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के नवाचार जरूरी हैं।
कोतवाली में कार्यक्रम के बाद डीआईजी यमुना प्रसाद कार्तिक पूर्णिमा एवं गंगा स्नान पर्व की तैयारियों का जायजा लेने मेहंदीघाट भी पहुंचे। यहां उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पुलिस प्रबंधों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

