सपा की 26 सीटों वाली बात से कांग्रेस नाराज: पार्टी ने कहा- हम सहयोगी हैं, भिखारी नहीं

प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही चर्चा के बीच सपा के अचानक पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित करने से कांग्रेस नाराज है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद व कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई है। साथ ही पार्टी को 26 सीटें देने जैसी चीजों को खारिज किया है।
सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के प्रतिनिधियों के बीच दिल्ली में दो दौर की वार्ता हुई है। जल्द ही तीसरे चरण की वार्ता भी होनी तय है। इस बीच सपा ने मंगलवार को अपने पांच प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इसमें सहारनपुर की भी दो सीटें हैं। जहां से कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद सांसद हैं। वार्ता के बीच अचानक प्रत्याशी घोषित करने पर उन्होंने नाराजगी जताई है। इमरान मसूद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह जो हो रहा है, इसमें गंभीरता नहीं दिखाई दे रही है। एक तरफ आप बात कर रहे हैं और दूसरी तरफ सूची जारी कर दे रहे हैं। हम इस मामले में पार्टी से बात करेंगे कि हमें बैठना भी है या नहीं ? यह समझ ही नहीं आता है कि भाजपा से लड़ना है या हमसे ही लड़ना है।
कांग्रेस ने दोहराया: हम सहयोगी हैं, भिखारी नहीं
सपा कहती है कि हमने 26 सीटें दे दी है। हम आपसे मांग रहे थे क्या 26 सीटें। हम सहयोगी हैं, भिखारी नहीं। हम कोई भीख मांग रहे हैं क्या? आप सीटें घोषित कर रहे हैं और हमें मीडिया से हमें इसकी जानकारी मिल रही है। यह गठबंधन पर प्रश्नचिह्न लगता है। आप सूची जारी कर रहे हैं तो 403 की जारी कर दो। इमरान मसूद ने कहा कि भाजपा से लड़ने की गारंटी राहुल गांधी हैं। भारत जोड़ो यात्रा से सपा का माहौल बना, राहुल गांधी की यात्रा से सपा का माहौल बना। राहुल की यात्रा से सपा 2024 में जीती थी, भाजपा को हराने के लिए राहुल सबसे बड़े नेता हैं। इस पर आप 26 सीट दे रहे हैं, मैं कैसे संतुष्ट हो सकता हूं। वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 26 सीट की तो कोई बात ही नहीं है। बात हमारी 403 सीट पर चल रही है। उस पर बातचीत फाइनल हो जाएगी, तब हम सबको सूचित करेंगे। मुझे लगता है कि दोनों पार्टी के नेतृत्व को जिम्मेदार व्यवहार औऱ बयान रखना चाहिए। यही सबके हित में है और देश की जनता भी यही चाहती है। सपा के पांच उम्मीदवारों की पहली सूची पर उन्होंने कहा कि सीटों की घोषणा तो कभी भी की जा सकती है लेकिन अभी उससे बचना चाहिए। अभी बातचीत का दौर जारी है और मैं उम्मीद करता हूं कि सब कुछ सही हो जाएगा। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद पर उन्होंने कहा कि उनकी नाराजगी अपनी जगह सही है, क्योंकि वो वहां के सांसद हैं। किंतु पार्टी का शीर्ष नेतृत्व एक सम्मानजनक निर्णय पर पहुंचेगा।

अखिलेश यादव ने दी प्रतिक्रिया: कांग्रेस से पूछकर नहीं देंगे अपने मेहनती नेताओं को टिकट
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर बुधवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने एक एक न्यूज चौनल के कार्यक्रम में कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ मिलकर भाजपा का मुकाबला किया था और आगे भी मिलकर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस को वही सीटें मिलेंगी, जहां उसके जीतने की संभावना होगी। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की ओर से जिन प्रत्याशियों का नाम घोषित किया गया है, वे लगातार जमीन पर अपना वोट बढ़ाने का काम कर रहे हैं। अब हम ऐसे लोगों को टिकट कांग्रेस से पूछकर तो नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के मेहनती लोगों ने वोट बढ़ाने की यह प्रक्रिया एक दिन में पूरी नहीं होगी। हम तो यह दावा कर रहे है कि पार्टी के जो लोग लगातार मेहनत कर रहे हैं, उन्हें ही टिकट दिया जाएगा। अखिलेश ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच क्या चर्चा हो रही है, इसकी जानकारी सार्वजनिक रूप से देना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए सभी सेकुलर ताकतों को एक साथ खड़े होना चाहिए। हम उसी दिशा में काम कर रहे है।