भाजपा का स्थापना दिवस: भाजपा की यात्रा देश और दुनिया के लिए आश्चर्य का विषय : सीएम योगी

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) आज बुधवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी के 42वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सुबह 9 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर पार्टी की ओर से डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती (14 अप्रैल) तक चलने वाले समरसता सप्ताह की शुरुआत की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा की यात्रा देश और दुनिया के राजनीतिक विश्लेषकों के लिए आश्चर्य का विषय है। ये यात्रा बहुत कुछ कह देती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना का उद्देश्य यही था कि हमें सत्ता की राजनीति नहीं, हमें भारत के लिए समर्पण का भाव पैदा करने वाले लोगों को एक राजनीतिक दल के रूप में आगे बढ़ाने का कार्य करना है। सीएम योगी ने माइक्रो डोनेशन अभियान के तहत अपनी ओर से निधि भी भेंट की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सेवा समर्पण और सहयोग की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण के अभियान में सहयोग दें।
इस अवसर पर प्रदेश मुख्यालय से अम्बेडकर प्रतिमा तक निकाली गई शोभा यात्रा में मुख्यमंत्री शामिल हुए। उन्होंने डॉ भीमराव आम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद थे। प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस पर 6 अप्रैल को प्रदेश के सभी जिला व मंडल स्तर पर ध्वजारोहण होगा और शोभायात्रा निकाली जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता भी अपने घर पर ध्वजारोहण करेंगे। जिला और मंडल स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक और पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रदेश मुख्यालय पर होने वाले कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि 6 से 14 अप्रैल तक रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, अस्पतालों में फल वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर व सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था सहित अन्य सेवा कार्य के जरिए समरसता सप्ताह मनाया जाएगा।

Check Also

फैसले का स्वागत, सरकार अब तारीख बताए : जाति जनगणना पर बोले राहुल गांधी

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बुधवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *