लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो) यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ यूपी विधानसभा का मानसून सत्र खत्म होने के बाद स्वतंत्रता दिवस से पहले शनिवार को गोरखपुर दौरे पर पहुंचे हैं। गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में तिरंगा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की है।
सीएम योगी ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ के दरबार में पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि विधान से दर्शन-पूजन किया। इसके बाद हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत करते हुए ट्विटर पर अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा ‘‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा,झंडा ऊंचा रहे हमारा।’’ इस पोस्ट के साथ ही उन्होंने प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की है। इस दौरान गोरखपुर के मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे।
