लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर के कछवा थाना क्षेत्र अंतर्गत अनंतपुर ग़ांव में दिल्ली की होने वाली मुख्यमंत्री आतिशी सिंह मार्लेन की ससुराल है। घर वाले आतिशी के सीएम बनने की घोषणा के बाद से ही काफी खुश हैं।
कौन हैं आतिशी के पति?
अनंतपुर ग़ांव के रहने वाले बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति पंजाब सिंह के बेटे प्रवीण सिंह के साथ आतिशी की शादी हुई है। यह शादी 2004 में हुई है। पंजाब सिंह और उनके बेटे प्रवीण सिंह दोनो ग़ांव में कभी कभी ही आते है। ग़ांव में उनके भाई का पूरा परिवार रहता है। आतिशी की चचिया सास का कहना है कि विधायक होने के पहले आतिशी घर पर आती थी। उनका स्वभाव बहुत ही अच्छा है। घर वालों से मिलजुल कर रहना और मदद करना उनके स्वभाव में है। हालांकि विधायक बनने के बाद वह कभी घर नही आयी। कभी-कभी बेटे प्रवीण सिंह से जरूर बात हो जाती है। परिवार वालों के मुताबिक आतिशी और प्रवीण दोनो अलग-अलग रह रहे हैं।
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने बुधवार को अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मंजूरी के लिए भेज दिया। साथ ही उन्होंने नई मुख्यमंत्री आतिशी के शपथ ग्रहण के लिए 21 सितंबर की तारीख का प्रस्ताव भी राष्ट्रपति को भेजा है। इधर, मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके अरविंद केजरीवाल अपना सरकारी आवास छोड़ेंगे। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बुधवार को कहा कि हमने सुरक्षा को लेकर उनसे कहा कि सरकारी आवास ना छोड़ें, लेकिन वे नहीं माने।
एक दिन पहले 17 सितंबर को आप विधायक दल की मीटिंग में आतिशी को मुख्यमंत्री चुना गया था। इसके बाद केजरीवाल ने शाम को एलजी विनय सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।
