फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) समाजवादी शिक्षक सभा के तत्वावधान में कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के कड़िउल्ली ग्राम में पीडीए पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक सभा के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने की।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं कायमगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सर्वेश अंबेडकर ने शिक्षकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संगठन को और अधिक सक्रिय व एकजुट करने की आवश्यकता पर बल दिया। जिला अध्यक्ष अरविंद यादव ने शिक्षक सभा को बूथ स्तर तक सशक्त करने की बात कही।
डॉ. हरिओम यादव ने अपने संबोधन में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग को संगठित करने की दिशा में विचार रखे। उन्होंने कहा कि यही वर्ग समाजवादी आंदोलन की रीढ़ है और इन्हें संगठित किए बिना सामाजिक न्याय संभव नहीं।
कार्यक्रम में बाबा साहब वाहिनी के जिला अध्यक्ष अमन सूर्यवंशी, रामवीर कश्यप सहित कई प्रमुख शिक्षक एवं समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता विवेक सिंह यादव ने जानकारी दी कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी द्वारा लगातार पीडीए पंचायतों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे सामाजिक समरसता और राजनीतिक जागरूकता को बल मिल सके।

