मूसलाधार बारिश से शहर पानी-पानी,जगह-जगह जलभराव

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।  मौसम विभाग का एलर्ट आज सच साबित हुआ। रविवार को हुई मूसलाधार बारिश से शहर पानी-पानी हो गया। रुक-रुककर हुई बरसात होने से जगह-जगह जलभराव हो गया और इस कारण दिन में यातायात भी प्रभावित रहा। निचले इलाकों में अधिकांश लोगों को घरों में भरे पानी को निकालने में मशक्कत करनी पड़ी। हाल में ही पालिका द्वारा कराई नाली-नालों की सफाई भी इस बरसात ने पोल खोल दी। बरसात ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दीं हैं। जगह-जगह जलभराव और गंदगी के हालातों ने दिन में लोगों को आवागमन की दिक्कतों से रूबरू कराया। बरसात ने शहर के सभी लिंक मार्गों पर जलभराव की स्थिति पैदा कर दी। हालात यह थे कि शहर की कुछ सड़कें तालाब की तरह दिखीं, तो गलियां नालों में तब्दील नजर आईं। घरों में बारिश का पानी भरने से लोगों को पानी निकालने में मशक्कत करनी पड़ी। नौकरी पेशा लोगों के साथ-साथ आवश्यक कार्यो को निपटाने घरों से निकले लोगों को भी दिक्कतों से जूझना पड़ा। बाजार भी जलभराव से प्रभावित रहे।