अब पुराने और अलग-थलग पडे सपा नेताओं को पार्टी की मुख्य धारा में लाने की तैयारी

‘‘मुख्तार अहमद “टेनी” के घर से हुई शुरूआत, शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित‘‘
फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।
समाजवादी पार्टी इन दिनों पूरी तैयारी के साथ 2027 का तानाबान बुन रही है, पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा नेता गाँव-गाँव गली-गली घूमकर पार्टी की नीतियों एंव विचारधारा का बखान कर रहे हैं, नई हवा है नई सपा के नारे को बुलंद करते हुए सपा नेताओं का ये भी मानना है कि युवाओं के सिर पे बुजुर्गों का हाथ है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी फर्रुखाबाद के जिला सचिव एंव स.मीडिया प्रभारी राधेश्याम सविता ने मीडिया के साथ जानकारी साझा करते हुए बताया कि जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव के निर्देशानुसार जनपद के जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने एक अच्छी पहल की शुरुआत की है।
लम्बे समय से कई बार के अनुभवी जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव ने एक अभियान के तहत निर्देश दिए हैं कि समाजवादी पार्टी जिला संगठन के पदाधिकारी पूरे जनपद के पुराने समय से समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोग जो बढ़ती उम्र/स्वास्थ अथवा अन्य किसी बजह से सक्रिय भूमिका नहीं निभा पा रहे हैं उनको उनके घर पर जाकर सम्मानित करेंगे, उनका आशीर्वाद और दिशा-निर्देश लेंगे। और उनसे निवेदन करेंगे कि समय-समय पर वह पार्टी कार्यालय आकर अथवा फोन द्वारा अपने अमूल्य सुझावों से अवगत कराते रहें। इसी क्रम में आज जिला महासचिव इलियास मंसूरी समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य, पुराने और जुझारू नेता, संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे, नेताजी के अतिप्रिय मुख्तार अहमद “टेनी” के घर पहुँचे। उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया उनसे पारिवारिक और स्वास्थ्य सम्बन्धी जानकारी ली तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में विजय पाने का मूलमंत्र जानने की अभिलाषा व्यक्त की। श्री “टेनी” ने भी उनसे अपने अनुभव साझा किए और बातचीत का सिलसिला पुराने अनुभवों से शुरू होकर वर्तमान स्थितियों से होते हुए भविष्य के चुनाव तक पहुँचा। मुख्तार अहमद “टेनी” जिला संगठन की इस पहल से भावुक हो गए उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के युवाओं के यही संस्कार हैं, यही समाजवादी विचारधारा है जो अपने बुजुर्गों का सम्मान करती है और उनके दिशा-निर्देशन में जुल्म और अन्याय के खिलाफ इंकलाब पैदा करती है। जिला महासचिव ने बताया कि सभी पुराने साथियों को सूचीबद्ध तरीके से सम्मानित किया जाएगा और सभी को मार्गदर्शक मण्डल में समायोजित कर सबके बहुमूल्य विचारों से जिला संगठन आगे की यात्रा तय करेगा।