दोस्त-दोस्त न रहा, मोदी को माई फ्रेंड ने दिया धोखा : राम गोपाल यादव

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। सपा सांसद राम गोपाल यादव ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर टैरिफ़ लगाने के ऐलान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और कहा कि भारत को दबने की जरूरत नहीं है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय उत्पादों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की है जिस पर समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को दबने की जरूरत नहीं है, अब हमें अमेरिका को लेकर ठोस कदम उठाने चाहिए। उनका व्यवहार ऐसा है जैसे वो राजा हों।
सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि “कुछ दिनों पहले एक प्रेस वार्ता के दौरान जब किसी पत्रकार ने (अमेरिका के राष्ट्रपति) ट्रम्प से पीएम मोदी के बारे में पूछा तो ट्रम्प ने कहा, ‘मोदी मेरे दोस्त हैं, लेकिन मुझे पाकिस्तान से प्यार है’। ट्रम्प का व्यवहार पूरी दुनिया में दूसरे देशों के प्रति ऐसा है कि जैसे वे राजा हों और दूसरे लोग प्रजा हों। सपा सांसद ने कहा कि जैसा अमेरिका कर रहा है ऐसा कभी किसी बड़े और ताकतवर देश ने दूसरे देशों के साथ नहीं किया। हिंदुस्तान को नए सिरे से सोचना होगा। अमेरिका को लेकर भारत सरकार को ठोस कदम उठाना चाहिए। उनसे दबने की आवश्यकता नहीं है। ट्रंप ऐसे बर्ताव कर रहे हैं जैसे अमेरिका राजा है। बता दें अमेरिका ने भारत के उत्पादों पर एक अगस्त से 25 फीसद टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इसके साथ ही ट्रंप ने भारत से जुर्माना वसूलने की भी बात कही है। अमेरिका ने कहा कि भारत अन्य देशों की तुलना में सबसे ज्यादा टैरिफ लेता है और यहां सबसे सख्त और अप्रिय गैर मौद्रिक व्यापार बाधाएं हैं। ट्रंप के इस ऐलान के बाद देश की सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर मोदी सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि इस मामले पर अभी तक भारत सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई हैं।