अब व्हाट्सअप पर चैट से पाएं वाहन रजिस्ट्रेशन व लाइसेंस की जानकारी

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। वाहन या ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने समेत अन्य कामों की जानकारी अब एआरटीओ कार्यालय के व्हाट्सअप नंबर पर चैट करते ही मिलेगी। इसके लिये परिवहन विभाग से नंबर जारी किया गया है। कार्यालय के निरीक्षण पर आये आरटीओ ने पत्रकारों को इस संबंध में जानकारी दी।

एआरटीओ कार्यालय में किसी वाहन का रजिस्ट्रेशन कराना हो या ड्राइविंग लाइसेंस जारी कराना या फिर वाहन का री रजिस्ट्रेशन कराना, वाहन का प्रदूषण प्रमाण, एनओसी या वाहन संबंधी अन्य कार्य के लिये आवेदन कैसे करना है इसकी जानकारी व्हाट्सअप नंबर 8005441222 पर ली जा सकेगी। इस नंबर पर अपने मोबाइल से विभाग के संबंधित को चैट करना

है। ड्राइविंग लाइसेंस जारी कराने के लिये क्या डाक्यूमेंट लगायें जैसी जानकारी व्हाट्सअप पर चैट करते ही तत्काल मिलेगी।

शनिवार को एआरटीओ कार्यालय का निरीक्षण करने आये आरटीओ कानपुर परिक्षेत्र राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि यह नंबर 24 घंटे काम करता है। कहीं से कभी भी इस नंबर पर कोई व्यक्ति चैट कर जानकारी ले सकता है। इससे जानकारी लेने के बाद संबंधित व्यक्ति को अपने मोबाइल से या किसी कैफे पर पहुंच कर आवेदन करना होगा। आवेदन करने के बाद संबंधित कार्य विभाग से समय पर कर दिया जायेगा। अभी तक लोगों को वाहन संबंधी या अन्य एआरटीओ कार्यालय से काम कराने पर इधर उधर जानकारी लेनी पड़ती थी या उनको दलालों का सहारा लेना पड़ता था। इसी को देखते हुए विभाग ने व्हाट्सअप नंबर जारी किया है। इस नंबर पर चैट करने के बाद किसी व्यक्ति को एआरटीओ कार्यालय से काम कराने के लिये इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा। आरटीओ ने इसके बाद कार्यालय का निरीक्षण किया।

सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया। इस दौरान तीन कर्मचारी अवकाश पर मिले। एआरटीओ से जानकारी ली तो बताया गया कि यह कर्मचारी एप्लीकेशन देकर गये हैं। इसी तरह उन्होंने राजस्व वसूली समेत अन्य कार्यों की प्रगति देखी।

इस मौके पर एआरटीओ इज्या तिवारी, पथकर अधिकारी सुनीता सैनी मौजूद रहीं।