बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिले में पिछले कुछ दिनों से ‘चोरों के आने’ की अफवाह इतनी तेजी से फैल रही है कि लोग दहशत में रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं। हालत ये है कि शहर और गांवों में बाहरी व्यक्ति दिखते ही भीड़ उन पर टूट पड़ रही है।
चौधरीसराय मोहल्ले में तो कबाड़ बेचने जा रहे युवक को चोर समझकर उसकी रस्सी से बांधकर पिटाई कर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे भीड़ से छुड़ाया। पूछताछ में पता चला कि युवक कबाड़ी है। उसकी रस्सी से बंधी हालत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कबाड़ी को चोर समझकर पीटा
सदर कोतवाली क्षेत्र के चौधरीसराय मोहल्ले में यह घटना हुई। कबाड़ी युवक कबाड़ लेने गया था, तभी कुछ युवकों ने उसे पकड़ा और ‘चोर-चोर’ का शोर मचा दिया। भीड़ ने न सिर्फ पीटा बल्कि उसके पैर रस्सी से बांध दिए। पुलिस समय पर पहुंची नहीं होती तो स्थिति और बिगड़ सकती थी।
दूसरी रात फिर अफवाह से हड़कंप
बीती रात करीब 10:30 बजे सरायमीरा में बजरिया के पास ‘चोर-चोर’ की आवाज सुनाई दी। कुछ लोगों ने शोर मचाया और देखते ही देखते भीड़ जुट गई। तलाशी के बाद भी कोई पकड़ा नहीं गया। थोड़ी देर बाद लोग अपने घरों को लौट गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में रातों की निगरानी
गांवों में भी अफवाहों के कारण लोग रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं। युवकों की टोली हथियारों के साथ रात में घूमती नजर आ रही है। हालांकि अभी तक किसी चोर को पकड़ने की पुष्टि नहीं हुई।
पुलिस की गाइडलाइन जारी
लगातार बढ़ रही घटनाओं के बाद कन्नौज पुलिस ने सोशल मीडिया पर गाइडलाइन जारी की है। पुलिस ने ठठिया, इंदरगढ़ और गुरसहायगंज की घटनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि जांच में कहीं भी “सच्चे चोर” की पुष्टि नहीं हुई। ठठिया में पकड़ा गया व्यक्ति मानसिक रूप से विक्षिप्त मिला।
इंदरगढ़ में पकड़ा युवक बस से उतार दिया गया था क्योंकि उसके पास किराया नहीं था।
गुरसहायगंज में एक महिला ढाबे पर काम करके लौट रही थी, उसे चोर समझ लिया गया।
पुलिस की अपील और अलर्ट
पुलिस का कहना है कि कुछ शरारती तत्व गांवों में डर और भ्रम फैलाने की साजिश कर रहे हैं। अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत 112 नंबर पर सूचना दें। किसी को बिना पुष्टि के चोर बताकर मारपीट करना अपराध है।

