‘‘एकबार फिर चुनाव आयोग पर बरसे नेता प्रतिपक्ष, राजद व अन्य विपक्षी दलों ने भाजपा को घेरा‘‘
‘‘मतदाता अधिकार यात्रा पूरे राज्य के लिए एक ऐतिहासिक आंदोलन की शुरुआत : दीपांकर‘‘
‘नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग पर निशाना साधते हुए दावा किया कि बिहार की मतदाता सूची के मसौदे में गया जिले के ‘‘एक पूरे गांव’’ को एक ही घर में रहते हुए दिखाया गया है। बिहार में वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे राहुल गांधी ने अपनी पार्टी का एक सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया, जिसमें कहा गया, निर्वाचन आयोग का जादू देखिए। एक पूरा गांव एक घर में बस गया है।
कांग्रेस के पोस्ट में कहा गया है कि गया जिले में बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निदानी गांव में एक बूथ के सभी 947 मतदाताओं को मकान संख्या छह का निवासी दिखाया गया है। विपक्षी दल ने कहा, यह सिर्फ एक गांव की बात है। हम राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अनियमितताओं के पैमाने की केवल कल्पना ही कर सकते हैं।
हालांकि, बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने गया के जिलाधिकारी के ‘एक्स’ हैंडल पर जारी स्पष्टीकरण को प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने दावा किया कि गांवों या झुग्गी बस्तियों में मकानों का काल्पनिक नंबर दिया जाता है, जहां मकानों पर कोई वास्तविक सीरियल नंबर नहीं होता। ऐसा मतदाताओं को सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए किया जाता है। जिलाधिकारी के ‘एक्स’ हैंडल पर गांव के निवासियों के कथित वीडियो क्लिप भी साझा किए गए हैं, जिनमें लोगों को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से संतुष्ट हैं, लेकिन क्षेत्र को बदनाम करने के प्रयासों से परेशान हैं। बता दें बिहार में 17 दिनों की मतदाता अधिकार यात्रा, जिसमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव शामिल हैं, का उद्देश्य मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के बारे में जागरूकता बढ़ाना है, जिसे विपक्षी नेताओं ने वोट चोरी का मामला करार दिया है। 20 ज़िलों में 1,300 किलोमीटर से ज़्यादा की यात्रा करते हुए, यह यात्रा 1 सितंबर को पटना में समाप्त होगी।
इस बीच, भाकपा (माले) नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि मतदाता अधिकार यात्रा पूरे राज्य के लिए एक ऐतिहासिक आंदोलन की शुरुआत मात्र है और इसे जनता से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। सीपीआई (एमएल) नेता ने बिहार में सत्तारूढ़ एनडीए सरकार पर हमला किया और आरोप लगाया कि उन्होंने राज्य की जनता के साथ दोहरा धोखा किया है। हमारी माँग है कि जिन लोगों के नाम (मतदाता सूची से) ग़लती से हटा दिए गए हैं, उनके नाम शामिल किए जाएँ, डबल इंजन वाली सरकार ने बिहार के साथ धोखा किया है, और इस धोखेबाज़ सरकार को सत्ता से हटाना ज़रूरी है, बदलाव लाना ज़रूरी है।
चुनाव आयोग पर बडा आरोप : गांव की समूची आबादी को एक ही घर में दिखा दिया : राहुल गांधी

