अरविंद केजरीवाल की अपील : पंजाब संकट में है देशवासी मदद के लिए आगे आएं

नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश पर आई किसी भी मुसीबत के सामने पंजाब हमेशा सीना तानकर खड़ा रहा है लेकिन आज वही पंजाब संकट में है। मेरी सभी देशवासियों से अपील है कि इस मुश्किल घड़ी में पंजाब के लोगों की हर संभव मदद करें. इसी के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष का एकाउंट नंबर भी जारी किया- 001934001000589 आईएफएससी कोड टीपीएससी 0000019. ब्रांच कोड- 0019
पंजाब में बाढ़ और बारिश से हालात बिगड़ गये हैं. खतरनाक स्थिति को देखते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश के सभी राजनीतिक दलों, राज्य सरकारों और खासकर केंद्र सरकार से पंजाब की मदद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आप के सभी सांसद और विधायक बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपनी एक महीने की सैलरी पंजाब मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में दान कर रहे हैं। पंजाब सरकार के मंत्रियों और विधायकों समेत आप के सभी कार्यकर्ता दिन-रात जमीन पर राहत कार्य में जुटे हैं। अरविंद केजरीवाल ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि पंजाब हमारे देश का केवल एक राज्य नहीं है, बल्कि हिन्दुस्तान की एक मजबूत ढाल है। इतिहास गवाह है कि जब भी कोई विदेशी हमलावर हमारे देश की ओर बढ़ा तो पंजाब ने अपनी छाती पर पहला वार झेला। भारत में जितने भी हमले हुए, उन सभी को पंजाब ने अपने सीने पर झेल कर पूरे भारत की रक्षा की। उन्होंने कहा कि हर मुश्किल घड़ी में पंजाब हमेशा सबसे आगे खड़ा रहा। यह वही पंजाब है, जिसने आजादी के यज्ञ में अपने सबसे ज्यादा बेटों की आहुति दी थी और सरहदों की हिफाजत के लिए अनगिनत शहादतें दी। आजादी की लड़ाई में सबसे ज्यादा फांसी पंजाबियों को हुई और पंजाबी सबसे ज्यदा काला पानी गए। इस मिट्टी के कण-कण में मर-मिटने का जज्बा है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाबियों ने हमेशा भारत मां की रक्षा के लिए अपनी कुर्बानियां दी हैं ताकि बाकी देश महफूज रह सके। पंजाब पांच दरियाओं की वह पवित्र धरती है, जिसके पानी से सिर्फ फसलें ही नहीं, बल्कि ज्ञान व वीरता की गाथाएं भी सिंची गई हैं। यह वो भूमि हैं, जहां वेदों की ऋचाएं गूंजीं, जहां गुरुओं की पवित्र वाणी ने रास्ता दिखाया। जब भारत में अन्न की कमी हुई और यह डर था कि बढ़ती हुई जनसंख्या का पेट कैसे भरेगा, तब पंजाब ने हरित क्रांति के दौरान अपनी धरती में बीज व खाद डालकर पूरे देश के लिए अनाज पैदा किया। पंजाब पूरे देश का पेट भरता है। पूरे देश के लोगों की भूख मिटाने की जिम्मेदारी पंजाब ने उठाई है। आज वही पंजाब मुसीबत में है।
कुदरत ने पंजाब पर ढाया कहर
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज कुदरत ने पंजाब पर ऐसा कहर ढाया है कि पंजाब बाढ़ की चपेट में आ गया है। पंजाब के खेतों मे बेसुमार पानी भरा है। पंजाब के लोग बेघर और बेरोजगार हो गए हैं। हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। इस आपदा की घड़ी में आज हर पंजाबी एक-दूसरे की मदद कर रहा है। अपनी मुसीबत भूल कर हर पंजाबी अपने पड़ोसी की मदद कर रहा है। इंसानियत की यह मिशाल केवल पंजाब में ही संभव है। यह इंसानियत की वो मिसाल है, जो दुनिया को रास्ता दिखाती है। आज पंजाब जिस आपदा का सामना कर रहा है, वह कोई आम बाढ़ नहीं है, बल्कि 37 साल बाद पंजाब ने ऐसी भयानक तबाही देखी है। एक हजार से ज्यादा गांव पानी में डूबे हैं, ढाई लाख से ज्यादा हमारे भाई-बहन एक झटके में बेघर हो गए हैं। उनकी पूरी जिंदगी की कमाई और सपने पानी में डूब गए हैं।
राजनीति से ऊपर इंसानियत का धर्म
अरविंद केजरीवाल ने सभी राजनीतिक दलों, राज्य सरकारों और विशेष रूप से केंद्र सरकार से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि आइए, हम सब राजनीति से ऊपर उठाकर इंसानियत का धर्म निभाएं। आइए, हम मिलकर दिल खोलकर पंजाब की मदद करें। मेरी सभी देशवासियों से अपील है कि जिस पंजाब ने हमेशा देश पर आने वाली हर मुसीबत को अपने सीने पर लिया, जिस पंजाब देश के लोगों का पेट भरा, हम सब मिलकर उस पंजाब के लिए योगदान करें। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि इस मुश्किल समय में हम सब लोग पंजाब के साथ डटकर खड़े होंगे। दिल्ली, गुजरात, कश्मीर, गोवा समेत देश में आम आदमी पार्टी के सभी सांसद और विधायक इस कठिन घड़ी में पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए अपनी एक-एक महीने की तनख्वाह पंजाब के मुख्यमंत्री राहत कोष में दान कर रहे हैं। आज पूरा देश पंजाब के साथ खड़ा है। मैं वाहेगुरु जी से अरदास करता हूं कि पंजाब पर अपनी कृपा करें। आपको बता दें,कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने देश भर के लोगों से पंजाब मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में स्वेच्छा से दान करने की अपील की है। इसके लिए पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष का खाता संख्या भी जारी किया है। मुख्यमंत्री राहत कोष का एकाउटं नम्बर 001934001000589 है। इसका आईएफएससी कोड टीपीएससी 0000019 है,बा्रंच कोड – 0019 है। बैंक शाखा का नाम पंजाब राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड है, जो चंडीगढ़ के सेक्टर-1 में पंजाब सिविल सचिवालय में स्थित है।