कन्नौज: “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” सख्ती से लागू कराएं: डीएम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में  जिला कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जनपद कन्नौज स्थित सभी पैट्रोल पम्प मालिको के साथ सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित “नो हेलमेट नो फ्यूल” पर शत प्रतिशत कार्यवाही करने को लेकर बैठक हुई।

सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल मीटिंग में दिए गए निर्देशों के क्रम में आज जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जनपद के समस्त पैट्रोल पम्प स्वामियों एवं एआरटीओ, क्षेत्राधिकारी नगर, यातायात, डीएफओ व यातायात प्रभारी कन्नौज के साथ मीटिंग की गई। जिसमें सभी पेट्रोल पंप के स्वामियों को “नो हेलमेट नो फ्यूल” अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने हेतु निर्देशित किया गया। सभी पेट्रोल पंप के स्वामियों को अपने-अपने पेट्रोल पंप पर कम से कम एक माह की रिकॉर्डिंग वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने हेतु निर्देशित किया गया। सभी पैट्रोल पंप मालिकों को  अपने-अपने पैट्रोल पंप पर “नो हेलमेट नो फ्यूल” से सम्बंधित फ्लेक्स बैनर लगवाने तथा इसे पूर्ण रूप से लागू करने हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा एआरटीओ कन्नौज एवं क्षेत्राधिकारी यातायात को दो पहिया वाहनों पर हेलमेट की विशेष चेकिंग अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया गया।