फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों एंव कानून व्यवस्था की समीक्षा

‘‘लाभार्थियों को किया सामान वितरण और अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश‘‘
फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।
  जिले के प्रभारी मंत्री एंव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग मंत्री जयवीर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री वितरित की गई। पांच दिव्यांगों को व्हीलचेयर दी गई। कृषि विभाग के दो किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई। प्रांतीय रक्षक दल के 82 सदस्यों को खेल सामग्री किट दी गई।
नौ नवनियुक्त कनिष्ठ लिपिकों और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के छह अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र दिए गए। सात छात्रों को टैबलेट वितरित किए गए। उद्यान विभाग के चार लाभार्थियों को चेक दिए गए। एनआरएलएम योजना के तहत 1.72 करोड़ रुपए के सीसीएल चेक वितरित किए गए। कृषि विभाग के पांच किसानों को नैनो यूरिया और नैनो डीएपी किट दी गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के चार लाभार्थियों को चेक दिए गए। मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा की। कायमगंज के विधायक द्वारा अचरा फीडर के 40 गांवों में बिजली आपूर्ति की समस्या उठाई गई। मंत्री ने विद्युत विभाग को तुरंत समाधान के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी को टूटी सड़कों की मरम्मत के लिए निर्देश दिए गए। एनएचएआई द्वारा निर्मित बेबर-फर्रुखाबाद मार्ग की गुणवत्ता जांच का आदेश दिया गया। पंचायती राज विभाग की खराब रैंकिंग पर नाराजगी जताते हुए अकर्मण्य कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मंत्री द्वारा अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापना के लिए एनओसी प्रमाण पत्र की कार्यवाही पूर्ण करने, अवन्तीबाई जी की प्रतिमा के लिए जगह चयन करने के लिए निर्देशित कियाद्य मंत्री द्वारा जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित कि आलू किसानों को जरूरत के हिसाब से उर्वरक उपलब्ध करायें।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिहं राठौर, विद्यायक कायमगंज डा. सुरभि, एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी, जिलाधिकारी अशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड आदि रहे।