बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर 50 यात्रियों से भरी स्लीपर बस पीछे से ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। इसके बाद बस पलट गई। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार भी बस में जा घुसी।
हादसे में एमबीए छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से ज्यादा यात्री घायल हैं। इनमें से 15 की हालत नाजुक बताई जा रही है। एक यात्री के दोनों पैर कट गए।
हादसे की सूचना पर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। ड्राइवर स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर से काटकर उसे बाहर निकाला।
बस दिल्ली से बलिया जा रही थी। हादसा शनिवार रात तिर्वा थाना क्षेत्र के पचोर गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह डैमेज हो गया।
बस के आगे बैठे यात्री के दोनों पैर कटे
पुलिस के मुताबिक, “सफर एक्सप्रेस” बस दिल्ली से बलिया जा रही थी। तिर्वा थाना क्षेत्र के पचोर गांव के पास यह बस ट्रक में पीछे से जा घुसी। इसी दौरान एक बेकाबू कार भी बस से टकरा गई। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा टीम मौके पर पहुंची। बस का ड्राइवर संजू चौरसिया स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया था।
टीम ने कटर से काटकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बस के अगले हिस्से में बैठे एक यात्री के दोनों पैर कट गए। 35 घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार देर रात मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया।
एक्सप्रेस-वे पर लगा जाम
हादसे में कार चालक हर्ष आनंद की भी मौत हो गई। वह दिल्ली का रहने वाला एमबीए छात्र था। सीओ ने बताया कि हादसे के चलते एक्सप्रेस-वे पर जाम लग गया था। रात में ही क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल किया गया।
एसपी बोले- झपकी आने से हुआ हादसा
एसपी बिनोद कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होना सामने आया है। ट्रक का ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए। हादसे में बस के हेल्पर संजू चौरसिया को मेडिकल कॉलेज तिर्वा ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
इस दुर्घटना में 13 लोग घायल हुए थे, जिनका इलाज कराया गया। इनमें एक घायल अंकित, जो मैनपुरी का रहने वाला और बस का ड्राइवर था, को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में फायर टेंडर की गाड़ी में पीछे से एक कार ने टक्कर मार दी थी, जिसमें दो लोग सवार थे। दोनों घायल हुए, जिनमें से हर्ष आनंद की तिर्वा मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। इस तरह कुल तीन लोगों की मौत हुई है। जबकि 13 घायलों को इलाज के बाद दूसरी बस से गंतव्य की ओर भेज दिया गया है।

