कन्नौज : निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित हो वादों का निस्तारण: डीएम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में कर करेक्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सितंबर माह 2025 तक की राजस्व वसूली की प्रगति, विभागवार उपलब्धियों एवं लक्ष्य के सापेक्ष प्राप्ति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।उन्होंने कहा कि प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, सितंबर माह में कुल ₹10,293.20 लाख कर वसूली के लक्ष्य के सापेक्ष ₹8,294.07 लाख की प्राप्ति हुई है, जो कि 80.55 प्रतिशत है। जिसमें वाणिज्य कर विभाग की प्राप्ति 51.34%, स्टाम्प एवं पंजीयन की 86.04%,विद्युत देयों की 67.91%,वानिकी की 53%,खनन की 18.99%, तथा परिवहन विभाग की 78.73% आदि कम वसूली वाले विभागों की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सुधार हेतु ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिवहन अधिकारी नियमित रूप से वाहनों की जांच कर राजस्व वृद्धि सुनिश्चित करें, खनन अधिकारी अवैध खनन एवं परिवहन पर विशेष निगरानी रखें, तथा विद्युत विभाग राजस्व वसूली हेतु कैंप आयोजित कर लक्षित वसूली सुनिश्चित करे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी वाद आरसीसीएमएस पोर्टल पर समय से दर्ज किए जाएं तथा निस्तारण की स्थिति अद्यतन रहे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी कार्ययोजना स्पष्ट एवं परिणामोन्मुख बनाएं तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यवाही करें। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय राजस्व अधिकारियों को लंबित वादों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से समय-सीमा से बंधे वादों का निस्तारण शीघ्रता एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने धारा 24, 34, 35/39, 47, 67 एवं 115 के अंतर्गत लंबित पत्रावलियों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन तहसीलों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वहां के अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

श्री अग्निहोत्री ने कहा कि वादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण से न केवल जनविश्वास में वृद्धि होती है, बल्कि प्रशासन की कार्यकुशलता भी प्रदर्शित होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या शिथिलता पाई जाने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) आशीष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देवेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, उप जिलाधिकारी तिर्वा, तीनो उप जिलाधिकारी न्यायिक एवं छिबरामऊ, समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।