बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना-2013 एवं सिंगल स्टेज की पूर्ति निरीक्षक/विपणन निरीक्षक/बाट-माप अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अन्तर्गत अन्त्योदय कार्डधारकों को 14 किग्रा0 गेंहू व 16 किग्रा0 फोर्टिफाइड चावल एवं 5 किग्रा0 मक्का (उपलब्धता के अनुसार) कुल 35 किग्रा0 खाद्यान्न प्रति कार्ड धारको को निःशुल्क वितरण किया जायेगा। इसी प्रकार पात्र ग्रहस्थी कार्डधारकों को 2 किग्रा0 गेंहू व 2 किग्रा0 फोर्टिफाइड चावल एवं 1 किग्रा0 मक्का प्रति यूनिट (उपलब्धता के अनुसार) कुल 5 किग्रा0 निःशुल्क खाद्यान्न वितरण किया जायेगा।
उन्होनें कहा कि खाद्यान्न वितरण शुचितापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से दीपावली से पहले हो जाना चाहिए। कहा कि एलपीजी वाहनों में घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग करते पाये जाने पर संबंधित के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत कराते हुये कठोर कार्यवाही की जाये। घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग करने वालो के खिलाफ अभियान चलाकर कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में मक्का खरीद हेतु 9 केन्द्र एवं बाजरा खरीद हेतु 9 केन्द्र संचालित हैं। अभी तक मक्का बिक्री हेतु 26 किसानों द्वारा तथा बाजरा बिक्री हेतु 12 किसानों द्वारा पंजीकरण कराया गया। मक्का खरीद हेतु न्यूनतम समर्थन मूल्य 2400/- रूपये एवं बाजरा खरीद हेतु न्यूनतम समर्थन मूल्य 2775/- रूपये निर्धारित हैं। मक्का एवं बाजरा खरीद की शून्य प्रगति पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुये निर्देश दिये कि केन्द्र प्रभारी किसानों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति पूर्ण करें।
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि जनपद में 21 धान खरीद केन्द्र बनाये गये हैं। धान की खरीद 1 नवम्बर 2025 से प्रारम्भ हो जायेगी। धान खरीद हेतु न्यूनतम समर्थन मूल्य 2369/- रूपये कामन एवं 2389/- रूपये ग्रेड ए निर्धारित हैं। उन्होनें निर्देश दिये कि धान खरीद से संबंधित समस्त प्रकार की तैयारियां अभी से पूर्ण कर ली जाये। उन्होनें कहा कि समस्त उपजिलाधिकारी पंजीकरण सत्यापन की कार्यवाही यथासमय पूर्ण करें।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी राजीव मिश्रा, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

