कन्नौज : एफएसडीए टीम ने भरे खाद्य पदार्थो के 6 नमूने, 230 किलो खाद्य तेल सीज़

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिला अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री  के निर्देशन में जनपद में दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भैया दूज आदि पर्व के दृष्टिगत खोया, पनीर, दूध, घी, मिठाईयां, नमकीन, ड्राई फ्रूट, खाद्य तेल, वनस्पति, रंगीन मीठे खिलौने एवं अन्य खाद्य तथा पेय पदार्थों में मिलावट की रोकथाम तथा मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों के निर्माण, वितरण व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अनिल कुमार राठौर एवं अरविंद कुमार साहू के छापामार दल द्वारा तिर्वा सदर तहसील क्षेत्र एवं तिर्वा तहसील क्षेत्र में एवं छिबरामऊ तहसील क्षेत्र में विभिन्न बाजारों में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए, सहज डेरी के पास, तिर्वा रोड, टिड़ियापुर पर वाहन संख्या यूपी 74 एटी 4582 से विक्रय हेतु लेकर जाते हुए, योगेंद्र कुमार निवासी बेहरीन से मिश्रित दूध के दो नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। तिर्वा रोड, कन्नौज स्थित कुशवाहा किराना स्टोर से खुले सरसों के खाद्य तेल का एक नमूना संग्रहित करते हुए, आठ कनस्तरों में लगभग 230 किलो खुला सरसों का खाद्य तेल सीज कर दिया गया, जिसकी अनुमानित बाजारी मूल्य लगभग ₹35000/- है, साथ ही शानू ट्रेडर्स, मछली मंडी, कन्नौज द्वारा आशीर्वाद कोल्ड स्टोरेज के पास, तिर्वा रोड पर वाहन संख्या यूपी 74 टी 7527 से विक्रय हेतु लेकर जाते हुए ओला नमकीन एवं खजाना नमकीन के दो नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। इसी क्रम में आशीर्वाद कोल्ड स्टोरेज के पास, तिर्वा रोड, कन्नौज से नंदलाल पुत्र श्री कालिका प्रसाद के मिठाई विक्रय प्रतिष्ठान से बेसन के लड्डू का एक नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया।

आज संग्रहित उपरोक्त सभी 06 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत तद्नुसार अग्रिम कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। 

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा इस अभियान के दौरान कार्रवाई से संबंधित सभी बाजारों में खाद्य कारोबार कर्ताओं सहित आम जन को रंगीन, मिलावटी तथा दूषित खाद पदार्थ में मिलावट के संबंध में स्थलीय परीक्षण की विधियों की जानकारी देते हुए, खाद्य पदार्थों के उपभोग के संबंध में जागरूक किया गया। 

उन्होंने बताया है कि  जनपद में आमजन को गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से, जिलाधिकारी  के निर्देशानुसार यह अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा।