बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं/बालिकाओं के सुरक्षा व स्वाबलम्बन हेतु चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत जनपद के विकास खंड जलालाबाद के कंपोजिट विद्यालय जलालाबाद की 8वी की छात्रा नैना को एक दिन का सांकेतिक खंड विकास अधिकारी बनाया गया। एक दिन की सांकेतिक खंड विकास अधिकारी बनी छात्रा नैना ने जनता दर्शन के दौरान आए हुए फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।
खंड विकास अधिकारी अर्पित कुमार (आईएएस) ने छात्रा नैना को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओ/बालिकाओं में अपने जीवन में ऊंची उड़ान भरने के लिए सकारात्मक सोच विकसित करना है
पदभार संभालने के बाद, नैना के समक्ष देवीपुरवा निवासी रामनिवास यादव ने मनरेगा से चक मार्ग बनाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इस पर एक दिन की बीडीओ नैना ने एडीओ पंचायत लक्ष्मी राज यादव को किसानों की परेशानी दूर करने के लिए शीघ्र चक मार्ग बनाने का निर्देश दिया।
उन्होंने ब्लॉक कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया। नैना ने मनरेगा, पंचायती राज और स्वच्छ भारत मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ब्लॉक अधिकारियों से गांवों में चल रहे विकास कार्यों और उनकी प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मनोज पोरवाल, एडीओ सी अनुराग गौतम, एडीओ एजी प्रदीप कुमार, प्रभात दीक्षित और अवनीश सैनी सहित कई अन्य संबधित उपस्थित रहे l

