कन्नौज : इस दिवाली एक स्वदेशी और स्थानीय उत्पाद जरूर खरीदें

डीबीटी वितरण समारोह में डीएम ने की जिले से अपील

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया की उपस्थिति में स्वदेशी मेला बोर्डिंग ग्राउंड कन्नौज में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का सजीव प्रसारण देखा व सुना गया। कार्यक्रम में मोनी, पिंकी, सुमन, आरती, नसरीन, नगमा, शीतला, प्रिया, लक्ष्मी, सुनिता सहित कुल 110 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरण की गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने सभी को धनतेरस, दीवावली व भाईदूज की बहुत-बहुत बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा प्रदेश सरकार की ओर से निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर आप सभी लोगो लिए उपहार है। कहा कि मुख्यमंत्री ने एक अपील की है चाहें हम दीया खरीदे, मोमबत्ती खरीदें, झालर खरीदें जो भी वस्तु खरीदें वो सभी अपने जनपद का या अपने प्रदेश के स्थानीय उत्पाद खरीदें जिससे की यहां के श्रामिकों को लाभ मिलें और वह प्रोत्साहित हो।

 जिलाधिकारी ने कहा कि होली और दीपावली के अवसर पर सबके लिये यह उपहार स्वरूप दिया जाता है। हम आपको यह बताना चाहेगें कि एक सिलेंडर की जो कीमत होती हैं, वह 876 रूपये होती हैं, और इस 876 रू0 का पूरा वहन केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा किया जाता है। आज जो दिया जा रहा है इसमें 323.24 रू0 केन्द्र सरकार द्वारा तथा 552.76 रू0 प्रदेश सरकार द्वारा दिया जाता है। सभी लाभार्थियों के खातों में कुल 876 रू0 का पूरा भुगतान किया जाएगा। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अन्तर्गत जनपद में प्रचलित उज्जवला गैस कनेक्शन संख्या 176408 हैं। 

इस दौरान पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री किसी भी प्रकार का भेदभाव नही करते है। हम ने किसी से यह नहीं पूछा कि कौन किस जाति का है बल्कि जो भी इस योजना में आता है उसकों लाभान्वित किया जाता है। कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, भारत सरकार की एक बहुत ही महत्त्वाकांक्षी योजना है। उज्जवला योजना के अंतर्गत एलपीजी कनेक्शन अन्त्योदय पात्र गृहस्थी परिवारों की महिलाओं को इस योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। इस योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क एल0पी0जी0 सिलेन्डर रिफिल का वितरण किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव मिश्र, अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे।