कन्नौज : सांसद सेवक के प्रतिष्ठान पर एफएसडीए टीम का छापा, भरे गए मिठाइयों के नमूने

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जनपद में आमजन को शुद्ध,ताजे तथा गुणवत्तापरक खाद्य तथा पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने एवं मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों के निर्माण, वितरण व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु प्राप्त अभिसूचना के आधार पर आज मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अनिल कुमार राठौर, सर्वेश कुमार, मंजरी मिश्रा एवं अरविंद कुमार साहू के छापामार दल द्वारा तिर्वा तहसील क्षेत्र में दुर्गा नगर तिर्वा  स्थित सर्वेश बाथम पुत्र मुन्नालाल बाथम निवासी अंबेडकरनगर, तिर्वा के मिठाई निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठान मां अन्नपूर्णा स्वीट हाउस पर छापा मारकर, अत्यंत अस्वच्छकर दशाओं में विक्रय हेतु निर्मित पाई गई, विभिन्न दूषित मिठाइयों के दृष्टिगत प्रतिष्ठान पर प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए, बालूशाही का 01 नमूना, बूंदी के लड्डू का 01 नमूना, छेना मिठाई का 01 नमूना एवं रंगीन इमरती के 01 नमूने सहित कुल 04 नमूने जांच हेतु संग्रहित करते हुए, लगभग 50 किलोग्राम दूषित छेना मिठाई सहित अन्य 25 किलोग्राम दूषित मिठाइयां, मौके पर खाद्य कारोबारकर्ता की सहमति से विनिष्ट कराई गई। उल्लेखनीय है कि स्व. मुन्नालाल बाथम सांसद सेवक के नाम से विख्यात थे और सांसद अखिलेश यादव के बेहद करीबी माने जाते थे। इसके साथ ही तिर्वा स्थित राजू चौरसिया के धौलेश्वर किराना स्टोर से बेसन का 01 सर्विलांस नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया।

आज संग्रहित उपरोक्त सभी 05 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत तद्नुसार अग्रिम कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, संतोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा इस अभियान के दौरान खाद्य कारोबार कर्ताओं सहित आम जन को रंगीन, मिलावटी तथा दूषित खाद्य पदार्थ  एवं मिलावट के हानिकारक प्रभाव तथा उनके स्थानीय परीक्षण की विधियों की जानकारी देते हुए खाद्य पदार्थों के उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। 

जनपद में आमजन को गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से मुख्यालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के अनुसार अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा।