बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद के तिर्वा, छिबरामऊ, सौरिख मार्ग, पाल चौराहा-रौनी रोड सहित कई इलाकों में ओयो ब्रांड के नाम पर संचालित कुछ होटलों के दुरुपयोग की शिकायतें सामने आई हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन होटलों में संदिग्ध गतिविधियाँ देखी जा रही हैं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में असहजता का वातावरण बन गया है। नागरिकों ने जिला प्रशासन से निगरानी बढ़ाने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत ने बताया कि पूर्व में भी ऐसी शिकायतों पर जांच के बाद कुछ होटलों को बंद कराया गया था। उन्होंने कहा कि अब पुनः शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनकी जांच के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई होटल नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो तत्काल बंद कराया जाएगा। विधायक ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भी अवगत कराया है ताकि सभी होटलों की समीक्षा की जा सके। जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई औपचारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, ओयो सहित अन्य बजट होटलों की गतिविधियों की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
