बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिले में कल देर शाम राजस्व प्रशासन ने अचानक एक बड़ा फेरबदल हुआ। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आशीष कुमार सिंह को मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण का सचिव बनाकर स्थानांतरित कर दिया गया। अभी तक जिले में एडीएम न्यायिक के रूप में काम कर रहे देवेंद्र सिंह को जिले का नया एडीएम वित्त एवं राजस्व बनाया गया है। छिबरामऊ के एसडीएम न्यायिक 2019 बैच के प्रोन्नत पीसीएस अफसर विजय कुमार मिश्रा को जिले का नया अपर जिलाधिकारी न्यायिक बनाया गया है।
नियुकित अनुभाग दो से कल देर शाम जारी अप्रत्याशित स्थानांतरण सूची से कई अफसर स्तब्ध रह गए। बहरहाल जिले के दोनों अफसरों ने अपने नए पदों पर योगदान आख्या दे दी और मथुरा के लिए स्थानान्तरित अफसर आशीष कुमार सिंह आज पूर्वान्ह जिले से कार्यमुक्त होकर प्रस्थान कर गए।
समझा जाता है कि कल के अप्रत्याशित तबादले भारत निर्वाचन आयोग द्वारा परसो शाम घोषित विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान की घोषणा के कारण हुई। अब प्रदेश में तबादलो पर रोक लग गयी है और फरवरी 2026 से पूर्व आदर्श आचार संहिता की समाप्ति के बाद ही तबादले हो सकेंगे। विशेष परिस्थितयो में राज्य सरकार निर्वाचन आयोग की अनुमति लेकर ही तबादले कर सकेगी।
