कन्नौज : पेट्रोल पंप अनापत्ति प्रमाण पत्र जल्द जारी करें: डीएम

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में विभिन्न ऑयल कंपनियों से प्राप्त पेट्रोल पंप अनापत्ति प्रमाण पत्रों के निर्गमन एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि अब तक प्राप्त कुल लंबित 26 प्रकरणों में से 8 का निस्तारण किया जा चुका है तथा 18 प्रकरण शेष हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों का समाधान जनपद स्तर पर संभव नहीं है, उन्हें संबंधित तेल कंपनियों को तत्काल सूचित कर आवश्यक कार्यवाही की जाए।

 जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि निर्धारित समयावधि में सभी आपत्तियों का निष्पादन किया जाए तथा अनावश्यक कारणों से किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए। वास्तविक आपत्तियों का त्वरित निराकरण करते हुए पात्र आवेदकों को अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत किए जाएं।

 उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों की स्थापना ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में ऊर्जा आपूर्ति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ रोजगार सृजन से भी प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई है, अतः इसमें पारदर्शिता और गति दोनों अनिवार्य हैं।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार मिश्रा, विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *