चरम पर पहुंचा बिहार में प्रचार अभियान : दिग्गजों का लगा जमावड़ा

‘‘पीएम मोदी, राहुल, शाह, नड्डा का चुनावी शंखनाद‘‘
‘‘राहुल गांधी का पीएम मोदी पर प्रहार‘‘
‘‘भाजपा नेता मोदी का भी पलटवार‘‘
नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।
 बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान चरम पर पहुंचने लगा है। राहुल के छठ मैया व पीएम मोदी वोट के लिए कुछ भी कर सकते है के बयान पर मोदी ने पलटवार किया। उधर महागठबंधन का भाजपा पर प्रहार जारी है। वहीं बृहवतिवार को प्रधानमंत्री मोदी, राहुल गांधी, अमित शाह और जे पी नड्डा राज्य में ताबड़तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं। यह शीर्ष नेताओं का सघन दौरा राजग और इंडिया गठबंधन दोनों के लिए चुनावी माहौल को गरमाने तथा मतदाताओं को लुभाने की रणनीतिक कोशिश है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा बृहस्पतिवार को बिहार में कई जनसभाएं करेंगे। मोदी मुजफ्फरपुर और सारण जिलों में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री ने 24 अक्टूबर को समस्तीपुर और बेगूसराय में रैलियों को संबोधित करके बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रचार अभियान की शुरुआत की। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘बिहार के मेरे परिवारजन भाजपा-राजग को प्रचंड जीत दिलाने के लिए खुद चुनाव मैदान में हैं।

कांग्रेस और राजद के लोग छठी मैया का अपमान कर रहे हैं : पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आपने देखा है कि आपका बेटा तो छठी मैया का जय जयकार पूरी दुनिया में कराने में लगा है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और राजद के लोग छठी मैया का अपमान कर रहे हैं। आप मुझे बताइए क्या कोई कभी चुनाव में वोट के लिए छठी मैया का अपमान कर सकता है? क्या बिहार यह अपमान सहन करेगा? राजद और कांग्रेस वाले कैसी बेशर्मी से बोल रहे हैं? उनके लिए छठी मैया की पूजा नौटंकी और ड्रामा है। वह छठी मैया का अपमान कर रहे हैं। जो भगवान सूर्य को अर्घ्य देती हैं? जो 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं, उन्हें कांग्रेस और राजद वाले ड्रामा कहते हैं। यह हर उस व्यक्ति का अपमान है, जो छठी मैया में आस्था रखता है। छठ मैया के इस अपमान को बिहार सैकड़ों वर्षों तक भूलने वाला नहीं है। सैकड़ों वर्षों तक इस अपमान को छठी मैया का पूजा करने वाला नहीं भूलेगा।

नीतीश की सरकार का रिमोट मोदी-शाह के हाथ में : राहुल गांधी
सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि ये मत सोचिए कि नरेंद्र मोदी आपके प्रधानमंत्री हैं। नहीं, नरेंद्र मोदी अम्बानी और अडानी के औजार हैं। नोटबंदी, जीएसटी और एक रुपये में जमीन देने जैसे फैसले उन्हीं के हित में लिए गए हैं। मोदी सरकार देश के गरीबों के नहीं, पूंजीपतियों के लिए रास्ता बना रही है। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर आप सोचते हैं कि बिहार की सरकार नीतीश कुमार चलाते हैं तो गलत सोचते हैं। बिहार की सरकार को रिमोट से मोदी और शाह चलाते हैं। वे जो चाहते हैं वही होता है। आने वाली महागठबंधन सरकार हर जाति और धर्म के लोगों की सरकार होगी।

बिहार पर कब्जा करना चाहते हैं : तेजस्वी यादव
राजद नेता तेजस्वी यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए कहा कि अमित शाह कहते हैं कि बिहार में कारखाना नहीं लग सकता क्योंकि यहां भूमि की कमी है। मैं पूछता हूं, जब लालू जी रेल मंत्री थे, तब क्या भूमि की कमी थी? उन्होंने तो बिहार में तीन-तीन कारखाने लगाए थे। असल में ये लोग काम नहीं करना चाहते, बल्कि बिहार पर कब्जा करना चाहते हैं। तेजस्वी ने आगे कहा हम अमित शाह जी से कहना चाहते हैं बिहार को बिहार का लाल ही चलाएगा, कोई बाहरी नहीं।