कन्नौज : गांधी की मूर्ति के स्थान पर पूर्व सहकारिता मंत्री की मूर्ति लगाने पर सपा ने दिया ज्ञापन 

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। छिबरामऊ में पूर्व सहकारिता मंत्री की मूर्ति लगाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। महात्मा गांधी की मूर्ति हटाकर यह मूर्ति स्थापित की गई है। गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा।

सपा जिलाध्यक्ष कलीम खां के नेतृत्व में पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव, कल्यान सिंह दोहरे, जय कुमार तिवारी, हसीब हसन, विवेक पाल, यशवीर भदौरिया सहित कई नेता और कार्यकर्ता दोपहर में कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव ने बताया कि जिस स्थान पर भाजपा विधायक ने अपने पिता की मूर्ति लगवाई है, वहां पहले महात्मा गांधी की मूर्ति लगी थी। इसे हटाकर एक पार्क में रखवा दिया गया है। उन्होंने इस कृत्य को गलत बताते हुए कहा कि किसी महापुरुष की मूर्ति हटाकर किसी अन्य की मूर्ति लगाना सरासर अनुचित है।

यादव ने सुझाव दिया कि मूर्ति के लिए कोई नया स्थान तलाशना चाहिए था। उन्होंने गौतम बुद्ध, महाराणा प्रताप या रानी अहिल्याबाई होल्कर जैसे महापुरुषों की मूर्तियां लगाने की बात कही, जिनसे लोगों को प्रेरणा मिलती।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें पूर्व मंत्री की मूर्ति से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन किसी महापुरुष की मूर्ति हटाकर इसे स्थापित करने पर आपत्ति है। सपा नेताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन अतिरिक्त एसडीएम अविनाश गौतम को सौंपा। उन्होंने मामले की जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।