बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान, पीएम सूर्य घर योजना एवं लखपती दीदी योजना की प्रगति समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा ढिलाई स्वीकार्य नहीं की जायेगी। उन्होंने सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा में धीमी कार्य प्रगति पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि विगत माह की तुलना में जनपद की मंडलीय रैंकिंग में गिरावट दर्ज हुई है, जो गंभीर विषय है।
उन्होंने 2459 आवेदनों में से 1468 आवेदनों को बैंकों द्वारा अस्वीकृत किए जाने पर जवाब तलब किया है। पंजाब नेशनल बैंक द्वारा 186 आवेदन तथा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा 278 आवेदन एवं एचडीएफसी बैंक द्वारा 66 आवेदन निरस्त किए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित बैंक को तलब किया है।
उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए है कि कारणों की व्यक्तिगत रूप से जांच कर विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराएं। कहा कि सीएम युवा मित्रों को पूर्ण प्रशिक्षण देकर प्रत्येक आवेदन का गहन परीक्षण सुनिश्चित किया जाए ताकि पात्र आवेदक किसी भी दशा में वंचित न रहें। इसके साथ ही उन्होंने इस कार्य में जिला अग्रणी प्रबंधक (एलडीएम) एवं टेजरी प्रतिनिधि के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदर्शन सुधारने के ठोस प्रयास करने के निर्देश दिए।पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा में जिलाधिकारी ने कहा कि 1057 लक्ष्यों के सापेक्ष 828 रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जो सराहनीय प्रगति है। शेष लक्ष्यों को भी समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, प्रशिक्षु आई.ए.एस. अर्पित कुमार, उपायुक्त डीसी एनआरएलएम राज कुमार लोधी, उपायुक्त उद्योग धनंजय सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक अमरेन्द्र कुमार, तथा यू.पी. नेडा के अनुपम राय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

