फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे पांचालघाट पुल के लिए अब राहत की खबर आई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने यहां नवीन पुल के निर्माण को स्वीकृति दे दी है। मंत्रालय द्वारा इस परियोजना के लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार कराई जा रही है। इस जानकारी की पुष्टि करते हुए आलू विकास एवं विपणन संघ के निदेशक अशोक कटियार ने बताया कि पांचालघाट पुल की जर्जर स्थिति और मरम्मत के दौरान बार-बार लगने वाले जाम की समस्या को उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में लाया था।
श्री कटियार ने बताया कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ने अवगत कराया कि पुल की मरम्मत का कार्य अब पूर्ण हो चुका है और आवागमन सुचारू रूप से संचालित है। इसके साथ ही, केंद्र सरकार के सड़क परिवहन मंत्रालय ने नए पुल के निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान कर दी है। नया पुल बनने से पांचालघाट क्षेत्र में लगने वाले भीषण जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। यह पुल फर्रुखाबाद को फतेहगढ़ और अन्य प्रमुख मार्गों से जोड़ने वाली जीवनरेखा के रूप में कार्य करेगा।
भाजपा नेता अशोक कटियार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने एक लंबे समय से लंबित इस समस्या को गंभीरता से लेकर आम जनता को राहत पहुंचाने का काम किया है।
फर्रूखाबाद पांचालघाट को जल्द मिलेगा नया पुल, सड़क परिवहन मंत्रालय ने दी स्वीकृति
