फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और रात्रिकालीन समय में दृश्यता बढ़ाने के उद्देश्य से फर्रुखाबाद पुलिस ने यातायात माह के अंतर्गत एक सराहनीय कदम उठाया है। यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में इटावा-बरेली हाईवे पर नगला कलार से सेंट्रल जेल चौराहे तक के बीच डिवाइडर पर रिफ्लेक्टर साइन बोर्ड लगाए गए। यह प्रयास सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में पुलिस द्वारा किया गया एक सकारात्मक और जनहितकारी कदम माना जा रहा है।
यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार ने बताया कि सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। रात्रि के समय अक्सर दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालक डिवाइडर से टकरा जाते हैं या हादसे का शिकार हो जाते हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए रिफ्लेक्टर साइन बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे दूर से ही डिवाइडर व मोड़ स्पष्ट दिखाई दें और दुर्घटनाओं की संभावना न्यूनतम हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि जहां-जहां आवश्यकता महसूस होगी, वहां पर रिफ्लेक्टर साइन बोर्ड और अन्य सुरक्षा संकेतक लगाए जाएंगे। साथ ही हाईवे पर कार्यरत टीम को यह निर्देश दिए गए हैं कि सभी साइन बोर्डों की नियमित रूप से जांच की जाए ताकि वे लंबे समय तक कार्यशील रहें।
जनसामान्य से अपील करते हुए यातायात प्रभारी ने कहा कि प्रत्येक वाहन चालक को हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए तथा यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा—
“सड़क सुरक्षा हमारे जीवन की सुरक्षा है। नियमों का पालन कर हम न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की भी जान बचा सकते हैं।”
इस पहल से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। कई नागरिकों ने बताया कि पुलिस की यह मुहिम निश्चित रूप से दुर्घटनाओं में कमी लाएगी और सड़कें अधिक सुरक्षित होंगी।

