बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर जनपद के डी.एन. कॉलेज तिर्वा परिसर में भव्य समारोह एवं एकेडमिक स्पोर्ट एंड कल्चरल मीट-2025 कार्यक्रम का सफल आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों ने अपनी दक्षता, आत्मविश्वास और प्रतिभा का असाधारण प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता (बालिका वर्ग), छूकर पहचानो, कुर्सी दौड़ (बालक वर्ग), गायन, नृत्यकला, लेखन, बॉल थ्रो, सुलेख, रंगोली, तथा कला प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। सभी प्रतिभागी बच्चों ने पूर्ण उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी असाधारण कलात्मक एवं खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, उप जिलाधिकारी तिर्वा राजेश कुमार एवं प्राचार्य योगेन्द्र सिंह तोमर द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, इसके उपरांत हरी झंडी दिखाकर 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया।
अपने संबोधन में पार्टी जिलाध्यक्ष ने कहा कि दिव्यांग बच्चों में अपार क्षमता निहित होती है। उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकते हैं। आज का आयोजन उनकी इसी प्रतिभा को सम्मान देने का एक प्रयास है।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी तिर्वा राजेश कुमार ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग बच्चों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चे हमारी प्रेरणा हैं। आगामी समय में सक्षम एवं प्रतिभाशाली बच्चों को पैरा ओलम्पिक जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जनपद कन्नौज का नाम रोशन कर सकें।
जिला बेसिक अधिकारी ने कहा कि जनपद स्तर पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करता है, बल्कि समाज को उनकी क्षमताओं को पहचानने और सम्मान देने का संदेश भी देता है। उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्यों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे अत्यंत प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर पैरा ओलम्पिक सचिव श्री पुनीत पांडे, खंड शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार एवं अमित मिश्रा, संजीव कटियार आदि द्वारा सहयोग दिया गया।

