कन्नौज : बेसिक स्कूल के बच्चो को बुधवार के दिन अतिरिक्त पोषण के लिए मिलता है दूध: बीएसए

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया जनपद के सभी विद्यालयों में पी.एम. पोषण (मध्यान्ह भोजन) योजना को पूर्ण पारदर्शिता एवं उच्च गुणवत्ता के साथ संचालित किया जा रहा है। बच्चों को स्वच्छ, पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक स्तर पर सुदृढ़ निगरानी की जा रही है, जिससे विद्यालयों में अध्ययनरत सभी बच्चों का स्वास्थ्य निरंतर बेहतर बना रहे।

उन्होंने बताया कि जनपद के 1006 प्राथमिक विद्यालय, 250 उच्च प्राथमिक विद्यालय, 194 कम्पोजिट विद्यालय, 30 अशासकीय सहायता प्राप्त उच्च प्राथमिक विद्यालय, 13 सहायता प्राप्त मदरसे, 04 दीनदयाल उपाध्याय राजकीय विद्यालय, 01 अनुदानित संस्कृत विद्यालय तथा 60 इंटर कॉलेज—इस प्रकार कुल 1576 विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना के प्रभावी संचालन हेतु जिलाधिकारी की स्वीकृति के उपरांत प्राथमिक स्तर पर ₹6.78 तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर ₹10.17 प्रति छात्र की दर से कुल ₹5,35,94,172/- रु. की धनराशि संबंधित विद्यालयों के मध्यान्ह भोजन निधि खातों में हस्तांतरित कर दी गई है। इस व्यवस्था से सुनिश्चित किया गया है कि विद्यार्थियों के पोषण में कहीं कोई व्यवधान न आए और योजना का लाभ समयबद्ध रूप से प्रत्येक बच्चे तक पहुँचता रहे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आगे बताया कि बच्चों के शारीरिक विकास और ऊर्जा स्तर को सुदृढ़ करने हेतु प्रत्येक बुधवार को “अतिरिक्त पोषण दिवस” मनाया जाता है। इस अवसर पर मौसमी सब्जियों एवं सोयाबीन बड़ी से तैयार तहरी परोसी जाती है तथा प्राथमिक के विद्यार्थियों को 150 मि.ली. और उच्च प्राथमिक के विद्यार्थियों को 200 मि.ली. ताजा दूध वितरण किया जाता है। इसी क्रम में आज जनपद के सभी विद्यालयों में बच्चों को ताजा दूध उपलब्ध कराया गया, जिससे विद्यार्थियों के चेहरों पर विशेष उत्साह और आनंद देखने को मिला।

उन्होंने कहा कि बुधवार को दूध वितरण की यह व्यवस्था बच्चों के पोषण स्तर को मजबूत करने, उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और उन्हें अधिक सक्रिय व आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जनपद के सभी विद्यालयों में इस कार्यक्रम का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है, ताकि प्रत्येक बच्चा पोषणयुक्त भोजन का पूरा लाभ प्राप्त कर सके।