दो टेंपो सीज़, दो दर्जन से अधिक वाहनों के चालान

‘‘सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाही‘‘
फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस ने गुरुवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य चौराहों, बाजार क्षेत्र और व्यस्त मार्गों पर पहुंचकर छोटे-बड़े वाहनों की गहन जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस ने हेलमेट, सीट बेल्ट, कागज़ातों की पूर्ति, ओवरलोडिंग, स्टंट ड्राइविंग और बिना परमिट के चल रहे वाहनों पर विशेष ध्यान दिया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए दो टेंपो को मौके पर ही सीज़ कर दिया गया। इसके अलावा लगभग दो दर्जन से अधिक छोटे एवं बड़े वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कई वाहन चालक पुलिस की गाड़ियों को देखते ही मार्ग बदलते दिखाई दिए, जबकि कुछ चालकों ने अचानक वाहन रोककर कागज़ात जुटाने की कोशिश की।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि यातायात नियमों का पालन कराना हमारी प्राथमिकता है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाही होती रहेगी। किसी भी स्थिति में अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।“ पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के कागज़ात हमेशा साथ रखें तथा निर्धारित नियमों का पालन करें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।